ग्रामीणों की थाली में बढ़ी हरी सरसों की महक, पारंपरिक खानपान और प्राकृतिक पोषण का महत्वपूर्ण हिस्सा बनी सरसों भाजी

दंतेवाड़ा - दक्षिण बस्तर के ग्रामीण एवं आदिवासी अंचलों में ठंड का मौसम आते ही घरों की बाड़ियों और खेतों में सरसों भाजी की हरियाली दिखाई देने लगती है। ग्रामीण परिवार अपने घरों के आसपास छोटी-छोटी बाड़ियों में सरसों लगाते हैं। सर्दियों के मौसम में सरसों के पौधे अच्छी तरह बढ़ते हैं और परिवारों को ताजी हरी भाजी उपलब्ध होती है।

ग्रामीण क्षेत्रों में सरसों भाजी केवल भोजन का हिस्सा नहीं, बल्कि पारंपरिक खानपान और स्थानीय जीवनशैली से भी जुड़ी हुई है। गांवों में लोग ताजी सरसों की पत्तियां तोड़कर सब्जी बनाते हैं। इसे दाल, चावल और अन्य पारंपरिक व्यंजनों के साथ बड़े चाव से खाते हैं। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होने के कारण ग्रामीण परिवारों को पौष्टिक हरी सब्जी भी मिलती है।

सेहत के लिए भी फायदेमंद है सरसों भाजी

पोषण की दृष्टि से सरसों की हरी पत्तियां काफी महत्वपूर्ण मानी जाती हैं। इनमें विटामिन ए, विटामिन सी, विटामिन के, फाइबर और कई प्रकार के एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं। इसमें मौजूद पोषक तत्व आंखों, त्वचा और शरीर की सामान्य रोग प्रतिरोधक क्षमता को बनाए रखने में सहायक होते हैं। सरसों भाजी में मौजूद फाइबर पाचन क्रिया को बेहतर बनाने और आंतों के स्वास्थ्य को बनाए रखने में मदद करता है। वहीं विटामिन के हड्डियों के सामान्य स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है। संतुलित आहार के हिस्से के रूप में इसका सेवन शरीर को आवश्यक पोषक तत्व उपलब्ध कराने में मदद करता है।

आदिवासी ग्रामीण जीवन में बाड़ियों का विशेष महत्व

बस्तर के ग्रामीण इलाकों में घरों के आसपास की बाड़ियां परिवारों के लिए सब्जियों का महत्वपूर्ण स्रोत हैं। यहां मौसम के अनुसार ग्रामीण विभिन्न प्रकार की हरी सब्जियां उगाते हैं। इससे परिवारों को ताजी सब्जियां मिलती हैं और बाजार पर निर्भरता भी कम होती है। सरसों भाजी जैसी स्थानीय फसलें ग्रामीण परंपरा, प्रकृति और पोषण के बीच मजबूत संबंध को दर्शाती हैं। जरूरत है कि पारंपरिक खेती और घरों की बाड़ियों को बढ़ावा दिया जाए, ताकि ग्रामीण परिवारों को स्थानीय स्तर पर पौष्टिक भोजन मिलता रहे। स्थानीय सब्जियों को बढ़ावा देने की जरूरत की संस्कृति को भी जीवित रखता है।

रिपोर्टर - ए आर कर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.