समय-सीमा बैठक में कलेक्टर की सख्ती, लंबित प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश

दंतेवाड़ा : जिले में शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण को लेकर कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक ली। बैठक में शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों, जनहितकारी योजनाओं तथा विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें और पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाएं।

बैठक में मुख्यमंत्री जनदर्शन एवं सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों और आवेदनों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा कर उनका गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा में निराकरण करें।

इसके अलावा उच्च न्यायालय में लंबित प्रकरणों, निराकृत मामलों तथा पारित आदेशों के पालन की साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की गई। शासकीय विभागों के लिए भूमि आबंटन से संबंधित जानकारी लेकर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए गए।

बस्तर मुन्ने अभियान के कार्यों में तेजी लाने पर जोर

बस्तर मुन्ने अभियान के अंतर्गत व्यक्तिगत एवं परिवार मूलक कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जनपद पंचायत और तहसील स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बस्तर प्राधिकरण एवं आदिवासी विकास विभाग से संबंधित कार्यों की प्रविष्टि और प्रगति सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके साथ ही ब्रेन हेल्थ क्लिनिक की गतिविधियों, आईगॉट प्रशिक्षण, एचआरएमएस में सुधार, पीएम राहत योजना तथा तेलंगाना राज्य में पुनर्वासित परिवारों से संबंधित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।

जाति प्रमाण पत्रों में त्रुटि सुधार के लिए लगेंगे विशेष शिविर

कलेक्टर ने जाति प्रमाण पत्रों में पाई जाने वाली त्रुटियों के सुधार को प्राथमिकता देते हुए विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गांवों में बैठक आयोजित कर ऐसे प्रकरणों की पहचान की जाए तथा शिविर लगाने के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही एसआईबी पोर्टल में पात्र हितग्राहियों की प्रविष्टि शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र लोगों को शासकीय योजनाओं का लाभ मिल सके।

छात्रों और हितग्राहियों से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा

बैठक में स्कूली छात्र-छात्राओं के जाति प्रमाण पत्र, अपार आईडी, श्रमिक कार्ड की ई-केवाईसी, महतारी वंदन योजना एवं राशन कार्ड की ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना तथा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण 2.0 की प्रगति की समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने और प्रशासनिक कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं करने पर जोर दिया। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री एम. भार्गव सहित जिले के सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

रिपोर्टर : ए आर कर्मा 
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.