दुगेली में आयतु कर्मा हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे गए
बचेली/दंतेवाड़ा : जिले के बचेली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दुगेली के धुरवापारा में हुए आयतु राम कर्मा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने लोहे के धारदार बण्डा एवं लकड़ी के पीढ़ा से हमला कर आयतु राम कर्मा की हत्या करना स्वीकार किया है। दोनों आरोपियों को 23 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक आयतु राम कर्मा पिता स्वर्गीय भैय्या कर्मा, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम दुगेली धुरवापारा की 21 नवंबर 2026 की रात किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा धारदार वस्तु से चेहरे, सीने एवं पीठ पर वार कर हत्या कर दी गई थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध क्रमांक 62/2025, धारा 103(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
घटना की जानकारी पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा श्री चंद्रमोहन सिंह को दी गई। उनके दिशा-निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र खुंटे एवं एसडीओपी किरंदुल श्री अविनाश ठाकुर के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने आरोपियों की पतासाजी शुरू की।
जांच के दौरान ग्राम दुगेली धुरवापारा में ग्रामीणों एवं गवाहों से पूछताछ की गई। इस दौरान लच्छू कर्मा और मुद्दा कर्मा पर संदेह व्यक्त किया गया। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक लोहे का धारदार बण्डा तथा घटनास्थल से एक लकड़ी का पीढ़ा जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 23 नवंबर 2026 को दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (JMFC) न्यायालय बचेली के समक्ष पेश किया।
गिरफ्तार आरोपी:
1. लच्छू कर्मा पिता स्वर्गीय बोड्डा कर्मा, उम्र 42 वर्ष, निवासी धुरवापारा दुगेली, थाना बचेली।
2. मुद्दा कर्मा पिता स्वर्गीय कोया कर्मा, उम्र 30 वर्ष, निवासी धुरवापारा दुगेली, थाना बचेली।
पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक निर्मल कुमार वर्मा, उप निरीक्षक हेमंत साहू, सहायक उप निरीक्षक सोहन ठाकुर, महावीर यादव, प्रधान आरक्षक नरेश मंडल, लाला कुंजाम एवं आरक्षक उमाशंकर ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बचेली पुलिस की इस कार्रवाई से ग्राम दुगेली में हुए हत्याकांड की जांच में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
रिपोर्टर : ए आर कर्मा

No Previous Comments found.