नक्सल प्रभावित आदिवासी गांव में सीआईएसएफ जवानों ने बांटी राहत सामग्री

दंतेवाड़ा : नक्सल प्रभावित एवं दुर्गम आदिवासी अंचलों में सुरक्षा के साथ जनसेवा और सामाजिक सरोकारों की जिम्मेदारी निभाते हुए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने एक बार फिर मानवता की अनूठी मिसाल पेश की है। सीआईएसएफ इकाई बीआईओएम बचेली के अधिकारियों एवं जवानों ने अपने स्वैच्छिक आर्थिक सहयोग से जिला बीजापुर की तहसील गंगालूर अंतर्गत ग्राम दुमरी पालनार के जरूरतमंद आदिवासी परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया। जवानों की इस संवेदनशील पहल से ग्रामीणों और बच्चों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।

बैलाडीला पहाड़ी की तराई में स्थित ग्राम दुमरी पालनार आकाश नगर से लगभग 9 किलोमीटर दूर दुर्गम एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्र में स्थित है। यहां पहुंचकर सीआईएसएफ के अधिकारियों एवं जवानों ने जरूरतमंद ग्रामीण परिवारों को बड़ी संख्या में कंबल, बच्चों को ठंड से बचाव के लिए गर्म जैकेट, खेलने के लिए गेंदें तथा परिवारों को मच्छरदानियां वितरित कीं। इस पहल का उद्देश्य केवल राहत सामग्री उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि दूरस्थ आदिवासी ग्रामीणों के साथ आपसी विश्वास, सहयोग और आत्मीयता का रिश्ता मजबूत करना भी रहा।

 ग्रामीणों के साथ जमीन पर बैठकर जवानों ने किया भोजन

कार्यक्रम के दौरान सीआईएसएफ के अधिकारियों एवं जवानों ने ग्रामीणों के साथ बैठकर दोपहर का भोजन किया। जवानों और ग्रामीणों के बीच इस आत्मीय मेल-मिलाप ने आपसी विश्वास और अपनत्व का संदेश दिया। सुरक्षा बलों की इस पहल को देखकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह और प्रसन्नता दिखाई दी। बच्चों को गर्म कपड़े और खेल सामग्री मिलने से उनके चेहरों पर मुस्कान खिल उठी।

 ग्रामीणों ने जताया सहयोग के लिए आभार

इस सामाजिक पहल को सफल बनाने में ग्राम दुमरी पालनार के मुखिया श्री छोटू कोवासी एवं ग्राम कडमपाल के श्री सोनूराम मुड़ामी का विशेष सहयोग रहा। उनके प्रयासों से ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित हुई। राहत सामग्री प्राप्त करने वाले ग्रामीणों ने सीआईएसएफ के अधिकारियों एवं जवानों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस पहल की सराहना की।

 एंबुलेंस सुविधा दूरस्थ ग्रामीणों के लिए बनी जीवनरक्षक सहारा

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने सीआईएसएफ एवं परियोजना प्रबंधन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही एंबुलेंस सुविधा के लिए भी आभार जताया। ग्रामीणों के अनुसार, गांव में किसी व्यक्ति के बीमार पड़ने पर पहले पैदल आकाश नगर तक पहुंचना पड़ता है। इसके बाद सीआईएसएफ के सहयोग से परियोजना की एंबुलेंस के माध्यम से लगभग 21 किलोमीटर दूर बचेली अस्पताल तक पहुंचने में सहायता मिलती है। दुर्गम एवं दूरस्थ क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधा तक पहुंचाने में यह व्यवस्था ग्रामीणों के लिए काफी महत्वपूर्ण साबित हो रही है।

सुरक्षा के साथ सेवा और विश्वास का संदेश दे रही सीआईएसएफ

उल्लेखनीय है कि सीआईएसएफ इकाई बीआईओएम बचेली देश के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली सरकारी परियोजनाओं एवं संस्थानों की सुरक्षा का दायित्व पूरी सतर्कता और प्रतिबद्धता के साथ निभा रही है। इसके साथ ही स्थानीय जनजातीय समुदाय के कल्याण, जनसहभागिता और जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए भी सामाजिक गतिविधियों में योगदान दे रही है।

सीआईएसएफ जवानों की यह पहल बताती है कि वर्दी का दायित्व केवल महत्वपूर्ण औद्योगिक संस्थानों की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशीलता, मानवीयता और सेवा भाव बनाए रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। दुर्गम आदिवासी अंचल में जवानों द्वारा किया गया यह प्रयास सुरक्षा बल और ग्रामीणों के बीच विश्वास की डोर को मजबूत करने की दिशा में सराहनीय कदम है।

रिपोर्टर : ए आर कर्मा  

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.