कक्षा 5वीं एवं 8वीं की केन्द्रीकृत वार्षिक परीक्षा की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक संपन्न

दंतेवाड़ा : कलेक्टर के निर्देशानुसार जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा के निर्देशन में कक्षा 5वीं एवं 8वीं की केन्द्रीकृत वार्षिक परीक्षा सत्र 2025-26 के सफल एवं सुचारू संचालन को लेकर आज ऑडिटोरियम जावंगा (गीदम) में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के शिक्षा अधिकारियों एवं विद्यालय प्रमुखों के साथ परीक्षा से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी ने करते हुए परीक्षा व्यवस्था को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केन्द्रीकृत वार्षिक परीक्षा विद्यार्थियों के शैक्षणिक मूल्यांकन का महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए इसके संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। बैठक में प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, उनके सुरक्षित भंडारण तथा परीक्षा केंद्रों तक समय पर वितरण की व्यवस्था पर विशेष रूप से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रश्नपत्रों की गोपनीयता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक सावधानियां सुनिश्चित की जाएं। इसके साथ ही परीक्षा समाप्ति के बाद उत्तर पुस्तिकाओं के संकलन, सुरक्षित रख-रखाव तथा समयबद्ध मूल्यांकन की प्रक्रिया को लेकर भी विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई।

इस दौरान विद्यार्थियों के प्रायोजना कार्य (प्रोजेक्ट वर्क) के मूल्यांकन, परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया तथा मार्कशीट जारी करने के लिए आवश्यक एक्सल डाटाशीट तैयार करने के संबंध में भी दिशा-निर्देश दिए गए। सभी विद्यालयों को छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के दिशा-निर्देशों के अनुरूप परीक्षा संचालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
जिला शिक्षा अधिकारी ने अधिकारियों और विद्यालय प्रमुखों को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्धारित समय-सीमा में परीक्षा का संचालन पूरी पारदर्शिता और अनुशासन के साथ किया जाए। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि “नन्हे परिंदे 6” एवं “छू लो आसमान 7” की परीक्षाएं भी सफलतापूर्वक संपन्न हो चुकी हैं, जिससे आगामी वार्षिक परीक्षा के लिए विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा। बैठक में समस्त एपीसी, खंड शिक्षा अधिकारी, सहायक खंड शिक्षा अधिकारी, खंड स्रोत समन्वयक, हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्य, संकुल समन्वयक, पोटाकेबिन एवं आश्रम छात्रावास अधीक्षक तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के अधीक्षक उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।


रिपोर्टर : ए आर कर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.