धर्म स्वतंत्र विधेयक 2026 पर हिंदू जागरण मंच ने जताया आभार, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
दंतेवाड़ा : छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण को लेकर पारित धर्म स्वतंत्र विधेयक 2026 के समर्थन में हिंदू जागरण मंच, दंतेवाड़ा जिला इकाई ने सोमवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि यह विधेयक प्रदेश में अवैध धर्मांतरण पर रोक लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय कदम है। उनके अनुसार, इससे समाज में पारदर्शिता बढ़ेगी तथा दबाव, लालच या प्रलोभन के माध्यम से किए जाने वाले धर्म परिवर्तन पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा। हिंदू जागरण मंच के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर देवेश ध्रुव से सौजन्य मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कलेक्टर ने संगठन के सदस्यों को आश्वस्त किया कि जल्द ही इस विषय पर विस्तृत चर्चा के लिए बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें जिले में धर्मांतरण से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रांत टोली के प्रचार आयाम से चंद्रकांत सिंह क्षत्रिय,जिला संयोजक डोमन लाल सिन्हा के नेतृत्व में संगठन के विभिन्न आयामों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि यह विधेयक सामाजिक समरसता बनाए रखने और सभी धर्मों के प्रति सम्मान की भावना को सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध होगा। संगठन ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी समाजहित में ऐसे निर्णय लेने की अपेक्षा जताई।
रिपोर्टर : ए आर कर्मा


No Previous Comments found.