सरपंचों को स्व-गणना प्रक्रिया का दिया गया प्रशिक्षण
दंतेवाड़ा : कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशानुसार जिला पंचायत दंतेवाड़ा में आज जिले के समस्त सरपंचों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य आगामी कार्यों के तहत स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया को सरल एवं प्रभावी ढंग से लागू करना था। बैठक में उपस्थित सरपंचों को स्व-गणना कैसे किया जाना है, इसके संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। अधिकारियों ने चरणबद्ध तरीके से पूरी प्रक्रिया समझाई, ताकि सभी जनप्रतिनिधि अपने-अपने ग्राम स्तर पर इसे सही तरीके से लागू कर सकें। इसके साथ ही मास्टर ट्रेनर द्वारा सरपंचों को हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण भी दिया गया, जिससे वे तकनीकी पहलुओं को व्यवहारिक रूप से समझ सकें। प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित मास्टर ट्रेनर ने स्व-गणना के विभिन्न चरणों, आवश्यक सावधानियों तथा ऑनलाइन प्रणाली के उपयोग के बारे में मार्गदर्शन दिया। उन्होंने सरपंचों के प्रश्नों का समाधान करते हुए उन्हें आत्मविश्वास के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर जिला जनगणना अधिकारी श्री मूलचंद चोपड़ा सहित अन्य अधिकारियों ने कहा कि सरपंचों की सक्रिय भागीदारी से यह कार्य सुगमता से पूर्ण किया जा सकेगा और जनगणना प्रक्रिया को अधिक सटीक एवं पारदर्शी बनाया जा सकेगा।
रिपोर्टर : ए आर कर्मा

No Previous Comments found.