एनएमडीसी बैलाडीला कबड्डी लीग सीजन-1: तीसरे दिन रोमांच, कलेपाल, हिरोली, दुगेली और गामावाड़ा सेमीफाइनल में

दंतेवाड़ा : एनएमडीसी के निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत आयोजित बैलाडीला कबड्डी लीग सीजन-1 के तीसरे दिन किरंदुल फुटबॉल मैदान एवं बचेली हॉकी मैदान में रोमांचक मुकाबले खेले गए। ग्रामीण खिलाड़ियों ने अपने शानदार खेल कौशल और जुझारूपन से दर्शकों का दिल जीत लिया।

मैच देखने बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण एवं खेल प्रेमी मैदान पहुंचे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

किरंदुल में खेले गए मुकाबलों में पूल-ए से ग्राम पंचायत कलेपाल तथा पूल-बी से ग्राम पंचायत हिरोली की टीमों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इसी तरह बचेली में ग्राम पंचायत दुगेली एवं ग्राम पंचायत गामावाड़ा की टीमों ने भी सेमीफाइनल में जगह बनाई। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल एवं फाइनल मुकाबले रविवार 26 जुलाई 2026 को एनएमडीसी टाउनशिप, बचेली के हॉकी मैदान में खेले जाएंगे। चारों टीमें खिताब के लिए आमने-सामने होंगी। समापन समारोह शाम 5 बजे आयोजित किया जाएगा। इसमें एनएमडीसी के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सरपंच एवं प्रबंधन के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। विजेता, उपविजेता एवं उत्कृष्ट खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं नगद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। एनएमडीसी प्रबंधन का उद्देश्य ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मंच देना और खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है।

रिपोर्टर : ए आर कर्मा  

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.