जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर मिथिला स्टूडेंट यूनियन ने किया गौरा बौराम प्रखण्ड मुख्यालय का घेराव
दरभंगा ,गौराबौराम : गौरा बौराम प्रखण्ड क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर 22 जून 2026 को मिथिला स्टूडेंट यूनियन के नेतृत्व में प्रखण्ड मुख्यालय का घेराव एवं प्रदर्शन किया गया। इससे पूर्व संगठन द्वारा पूरे प्रखण्ड क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान एवं सहयोग शिविर आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याओं को संकलित किया गया था। सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदन एवं शिकायतों के त्वरित निष्पादन सहित 16 सूत्री मांगों को लेकर यह आंदोलन आयोजित किया गया।
आंदोलन के दौरान हजारों की संख्या में छात्र, युवा एवं आमजन प्रखण्ड मुख्यालय पहुंचे और प्रशासन से जनहित के मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
संगठन की प्रमुख मांगों में गौरा बौराम प्रखण्ड मुख्यालय को गृह क्षेत्र में स्थापित करना, सभी पंचायत भवनों पर RTPS काउंटर शुरू करना, बंद पड़े APHC अस्पतालों को चालू करना, प्रत्येक पंचायत में सार्वजनिक पुस्तकालय की स्थापना, नल-जल योजना को नियमित करना, मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम हेतु वार्ड स्तर पर छिड़काव, सफाई व्यवस्था में सुधार, आधारपुर मध्य विद्यालय को +2 का दर्जा देना, पंचायत भवनों एवं ग्रामीण सड़कों का निर्माण व जीर्णोद्धार सहित अन्य स्थानीय समस्याओं का समाधान शामिल रहा।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे मिथिला स्टूडेंट यूनियन गौरा बौराम प्रखण्ड अध्यक्ष वीरभद्र सिंह उर्फ(सोनू सिंह) ने कहा कि—
"गौरा बौराम क्षेत्र के लोग लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। संगठन ने गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं को सुना और सहयोग शिविर के माध्यम से प्राप्त शिकायतों को प्रशासन के सामने रखा है। हमारा उद्देश्य किसी टकराव का नहीं बल्कि जनहित के सवालों का समाधान कराना है। यदि समय पर कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष को और तेज करेगा।"
मिथिला स्टूडेंट यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव वीरेंद्र कुमार ने कहा—
"गौरा बौराम जैसे ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, सफाई और प्रशासनिक सुविधाओं की स्थिति में सुधार जरूरी है। जनता की समस्याएं केवल आवेदन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि धरातल पर उसका समाधान होना चाहिए। आज का आंदोलन क्षेत्र की जनता की आवाज है। प्रशासन से सकारात्मक वार्ता हुई है और हमें उम्मीद है कि सभी मांगों पर शीघ्र ठोस कार्रवाई होगी।"
नारायण मिश्रा ने कहा कि यदि 45 दिन के अंदर सभी मुद्दों पर सकारात्मक पहल नहीं किया जाता है तो जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष और सेवा का अभियान लगातार जारी रहेगा।
प्रदर्शन के उपरांत प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, प्रखण्ड पंचायत राज पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी के साथ संगठन प्रतिनिधिमंडल की वार्ता हुई। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों सहित सभी जनसमस्याओं पर सकारात्मक पहल करते हुए शीघ्र समाधान की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।
इस आंदोलन को सफल बनाने में संगठन के नारायण मिश्रा, वीरभद्र सिंह (सोनू सिंह) सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम में मिथिला स्टूडेंट यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव वीरेंद्र कुमार, पूर्व अध्यक्ष अविनाश भारद्वाज, गोपाल चौधरी, दरभंगा जिला अध्यक्ष नीरज कुमार, कुंदन कुमार, गोपाल कुमार, बेनीपुर नगर अध्यक्ष संतोष साहू, गौरा बौराम पंचायत अध्यक्ष कृष्ण यादव, गौरा मानसिंह पंचायत अध्यक्ष मुरारी, हिमांशु कुमार, सूरज कुमार, सौरभ कुमार, नंदन राय, कुंदन राय, सचिन, सचिन चौपाल, अमन खान, कुसे मुखिया,अगद कमती,राम पुनीत कामती,गोविंद पासवान,सुजीत पासवान सहित प्रखण्ड के विभिन्न पंचायतों के कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
प्रखंड विकास पदाधिकारी मिहिर मयंक ने कहा - 16 सूत्री मांगों को लेकर ज्ञापन दिया गया है।नियमावली के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर : राहुल कुमार सिंह
No Previous Comments found.