गायत्री शक्तिपीठ सेवढ़ा में 4 लाख की लागत से बने सामुदायिक भवन का लोकार्पण, विधायक प्रदीप अग्रवाल बोले—नगर में जल्द होंगे करोड़ों के विकास कार्य
दतिया : नगर के गायत्री शक्तिपीठ में मुख्यमंत्री स्वेच्छा निधि से 4 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन सामुदायिक भवन का लोकार्पण सेवढ़ा विधायक श्री प्रदीप अग्रवाल ने विधिवत पूजन-अर्चन के साथ किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों एवं गायत्री परिवार के सदस्यों की उपस्थिति रही, जिससे आयोजन का वातावरण श्रद्धा और उत्साह से भर गया। कार्यक्रम में विधायक श्री अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि अध्यक्षता नगर मंडल अध्यक्ष श्री मुकेश चौधरी ने की। लोकार्पण के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पत्थर पूजन कर भवन का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर गायत्री परिवार की ओर से श्री पी.के. पांडेय ने विधायक श्री अग्रवाल का माल्यार्पण एवं तिलक कर स्वागत किया। पूजन उपरांत विधायक ने नवनिर्मित भवन में पुष्पांजलि अर्पित कर इसे समाज सेवा एवं जनकल्याण के लिए समर्पित किया।
अपने उद्बोधन में विधायक प्रदीप अग्रवाल ने कहा कि वे सेवढ़ा नगर के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं और लगातार विकास कार्यों की स्वीकृति दिलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि हाल ही में 14 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से नवीन आईटीआई भवन की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इसके साथ ही लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक स्टेडियम तथा सांदीपनि विद्यालय के नवीन भवन की स्वीकृति भी शीघ्र मिलने वाली है।
विधायक श्री अग्रवाल ने आगे बताया कि उनके प्रयासों से मुख्यमंत्री अधोसंरचना मद से करीब डेढ़ करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत कराई गई है, जिसका उपयोग सनकुआ धाम के सौंदर्यीकरण, घाट निर्माण तथा सीसी रोड निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सेवढ़ा नगर में और भी अनेक विकास योजनाएं धरातल पर उतरेंगी, जिससे क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा।
कार्यक्रम के अंत में मंदिर परिसर में आयोजित भंडारे में विधायक श्री अग्रवाल ने उपस्थित जनसमूह के साथ प्रसाद ग्रहण किया और सभी से संवाद कर क्षेत्रीय विकास के लिए सुझाव भी प्राप्त किए।
इस अवसर पर चंद्रेश गुप्ता, जितेंद्र उदैनियां, चंद्रपाल भदौरिया, कुलदीप यादव, सनी परिहार, चिन्ना साहू, किशन सिंह यादव, भवानी माझी, रमेश वाल्मीकि, राजेश गुप्ता, संजीव डेंगरे, वीरेंद्र रावत सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : नितिन कुमार दांतरे
No Previous Comments found.