समाधान योजना की अंतिम तिथि 31 मार्च, उपभोक्ताओं के पास केवल 4 दिन शेष
दतिया : सेवढ़ा, विद्युत वितरण केंद्र सेवढ़ा के अंतर्गत आने वाले समस्त विद्युत उपभोक्ताओं के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। शासन द्वारा संचालित “समाधान योजना” के तहत विद्युत बकाया राशि के निराकरण की अंतिम तिथि 31 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। ऐसे में अब उपभोक्ताओं के पास इस योजना का लाभ उठाने के लिए मात्र 4 दिन का समय शेष रह गया है। वितरण केंद्र द्वारा जारी सूचना के अनुसार, इस योजना के अंतर्गत बकाया विद्युत बिलों पर लगने वाले सरचार्ज एवं विलंब शुल्क में नियमानुसार छूट प्रदान की जा रही है। यह योजना उन उपभोक्ताओं के लिए विशेष रूप से लाभकारी है, जिन पर लंबे समय से बिजली बिल बकाया है और वे अतिरिक्त शुल्क के कारण भुगतान करने में असमर्थ रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक “समाधान योजना” का लाभ नहीं लिया है, वे तुरंत अपने नजदीकी वितरण केंद्र या कैश काउंटर पर पहुंचकर बकाया राशि जमा करें और शासन द्वारा दी जा रही छूट का लाभ प्राप्त करें। अंतिम तिथि के बाद इस योजना का लाभ पूरी तरह समाप्त हो जाएगा, जिससे उपभोक्ताओं को पूरा बकाया सरचार्ज सहित जमा करना पड़ सकता है।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि समय पर बकाया जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है, जिसमें विद्युत आपूर्ति विच्छेदन (कनेक्शन काटना) भी शामिल है। इसके साथ ही भविष्य में अतिरिक्त आर्थिक भार का सामना भी करना पड़ सकता है।
वितरण केंद्र सेवढ़ा ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस अंतिम अवसर का अधिकतम लाभ उठाएं, अपनी बकाया राशि का समय पर निराकरण कराएं और किसी भी प्रकार की असुविधा से बचें।
अधिक जानकारी के लिए उपभोक्ता वितरण केंद्र सेवढ़ा से संपर्क कर सकते हैं।
रिपोर्टर : दतिया नितिन कुमार

No Previous Comments found.