पीजी कॉलेज दतिया में ‘अंगदान/देहदान महादान’ पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों को किया प्रेरित

दतिया : शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय दतिया में मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार ‘अंगदान/देहदान महादान’ विषय पर एक विस्तृत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) इकाई के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों एवं कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. जयश्री त्रिवेदी ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अंगदान और देहदान मानवता की सेवा का सर्वोच्च उदाहरण है। यह न केवल किसी जरूरतमंद को नया जीवन प्रदान करता है, बल्कि समाज में सेवा और संवेदनशीलता की भावना को भी मजबूत करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे इस महादान के प्रति जागरूक हों और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. सीमा सिंह ने वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि अंगदान और देहदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को इस विषय की वास्तविकता और महत्ता समझाते हुए बताया कि यह कदम चिकित्सा क्षेत्र में अनुसंधान एवं उपचार के लिए अत्यंत उपयोगी है।
डॉ. शिवसिंह ने अपने वक्तव्य में स्थानीय एवं राष्ट्रीय स्तर के विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से अंगदान के लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति के अंगदान से कई लोगों को जीवनदान मिल सकता है, जिससे समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है।
जिला संगठक राष्ट्रीय सेवा योजना डॉ. के. एस. दादौरिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा वर्ग समाज में जागरूकता फैलाने की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वेच्छा से इस अभियान से जुड़ें और ‘अंगदान महादान’ के संदेश को घर-घर तक पहुंचाएं।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए अंगदान/देहदान के प्रति अपनी सकारात्मक सोच साझा की और समाज में इसके प्रचार-प्रसार का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती दीपिका द्वारा किया गया, जबकि आभार प्रदर्शन डॉ. अरविंद यादव ने किया। एनसीसी की लेफ्टिनेंट डॉ. नाज़िश शेख ने भी विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए इस महत्त्वपूर्ण अभियान से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में डॉ. प्रतिभा पाण्डेय, डॉ. रजनी सिंह, डॉ. अभय राहुल, डॉ. पुनीत पाण्डेय, डॉ. दुष्यंत यादव, डॉ. ब्रजेश, डॉ. प्रबल राहुल, डॉ. मनीष सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। बड़ी संख्या में स्वयंसेवक, कैडेट्स एवं छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता ने कार्यक्रम को सफल और सार्थक बनाया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में अंगदान एवं देहदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समाज में इस महादान के महत्व को व्यापक स्तर पर प्रसारित करना रहा।

रिपोर्टर - नितिन दांतरे

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.