पंडोखर धाम में श्रीराम महायज्ञ की भव्यता: 151 आचार्यों के मंत्रोच्चार से गूंजा परिसर, फाग गायन और रामलीला ने बांधा समां

दतिया : पंडोखर धाम में आयोजित 30वें पंडोखर धाम महोत्सव एवं श्रीराम महायज्ञ के अंतर्गत शुक्रवार का दिन श्रद्धा, भक्ति और सनातन परंपराओं के भव्य संगम के रूप में देखने को मिला। पंडोखर धाम पीठाधीश्वर श्री गुरु शरण जी महाराज के पावन सानिध्य में प्रातःकाल से ही धार्मिक अनुष्ठानों की श्रृंखला प्रारंभ हो गई।
श्रीराम महायज्ञ के दौरान यज्ञाचार्य पं. उमाशंकर देवलिया के आचार्यत्व में 151 विद्वान आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यजमानों से विधिवत हवन-पूजन कराया गया। पूरे धाम परिसर में गूंजते वेदमंत्रों ने वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत कर दिया। श्रद्धालुओं ने यज्ञ नारायण भगवान की परिक्रमा कर सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
महोत्सव में दूर-दराज से आए संत-महात्माओं की उपस्थिति ने आयोजन को और भी दिव्य बना दिया। अयोध्या धाम से पधारे श्री सीताराम महाराज के कृपा पात्र श्री बिज्जू महाराज द्वारा प्रतिदिन धाम परिसर में धूनी रमाकर हठ तपस्या की जा रही है, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। परिसर में कहीं भजन-कीर्तन तो कहीं साधना में लीन संतों के दर्शन भक्तों को आध्यात्मिक अनुभूति करा रहे हैं।
बुंदेली फाग गायन ने मोहा मन, नोटों की हुई वर्षा
महोत्सव के अंतर्गत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में गुरुवार को बुंदेली फाग गायक राजेंद्र सिंह गुर्जर, बृजेंद्र सिंह गुर्जर एंड ग्रुप (दतिया) ने अपनी प्रस्तुति से समां बांध दिया। उनके पारंपरिक फाग गायन ने दर्शकों को इतना भाव-विभोर कर दिया कि लोग खुशी से झूम उठे और कलाकारों पर नोटों की वर्षा होने लगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विकास दुबे, अनुराग शर्मा, राहुल शर्मा, विपिन बिरथरे, अरुण दद्दा, अमित शर्मा, संजय सोनी, वारिस मंसूरी सहित शिष्य मंडल द्वारा हनुमान जी का पूजन एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके बाद कलाकारों का फूलमालाओं एवं अंगवस्त्र से सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन आचार्य उमाशंकर देवरिया ने किया।
राजेंद्र सिंह गुर्जर ने पंडोखर धाम की महिमा का गुणगान करते हुए अपनी प्रस्तुति की शुरुआत की, जबकि उनके पुत्र दीपराज गुर्जर ने भी युवा उत्साह के साथ फाग गायन कर खूब तालियां बटोरीं। फाग गायिका अनीता दांगी एवं रानी कुशवाहा ने युगल स्वर में हनुमान जी के भजनों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। वहीं मऊरानीपुर (उप्र) से आईं कोमल जी ने अपने मनमोहक नृत्य से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
संगीत में ढोलक पर विवेक वर्मा, नगरिया पर लालाराम दिसोरिया, बैंजो पर भगत प्रजापति एवं झींका पर नरेश कालिया ने बेहतरीन संगत देकर कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।
रामलीला में ताड़का वध का मंचन, दर्शक हुए मंत्रमुग्ध
गुरुवार रात हाथीवान बाबा बरहा सरकार श्री रामलीला मंडल द्वारा आयोजित रामलीला में ताड़का वध लीला का मंचन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि भगवती प्रसाद पटेरिया एवं गब्बर बाबा द्वारा राम दरबार की आरती से हुई। मंच संचालन रामलीला के प्रमुख संचालक बबलू दीवाना ने किया। कलाकारों के जीवंत अभिनय ने दर्शकों को रामायण काल की अनुभूति कराई।
आज होगा हरदौल चरित्र और कुंजा भात का मंचन
महोत्सव के तहत शनिवार को सांस्कृतिक मंच पर दीप शिखा मंच एंड ग्रुप के संचालक पंडित राजेश लिटोरिया द्वारा हरदौल चरित्र एवं कुंजा भात जैसे लोकनाट्यों का मंचन किया जाएगा, जिसका श्रद्धालुओं को बेसब्री से इंतजार है।
पंडोखर धाम में चल रहा यह महोत्सव धार्मिक आस्था, लोकसंस्कृति और सामाजिक समरसता का अद्भुत उदाहरण बनकर उभर रहा है, जहां हर दिन भक्ति और उत्साह का नया रंग देखने को मिल रहा है।

रिपोर्टर - नितिन दांतरे

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.