पण्डोखर धाम महोत्सव में पत्रकारों का भव्य सम्मान,भक्ति-सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गूंजा पूरा धाम
दतिया : पण्डोखर धाम में आयोजित 30वें पण्डोखर सरकार धाम महोत्सव के अंतर्गत शनिवार का दिन आध्यात्म, संस्कृति और समाज के प्रति समर्पण का अद्भुत संगम बन गया। इस अवसर पर जहां एक ओर पत्रकारों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया, वहीं दूसरी ओर भजन संध्या, रामलीला मंचन और धार्मिक कथाओं के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर किया गया। पत्रकारों का हुआ सम्मान, महर्षि नारद की परंपरा का स्मरण,कार्यक्रम के दौरान महर्षि नारद को प्रथम संवाददाता के रूप में स्मरण करते हुए पत्रकारिता के महत्व पर प्रकाश डाला गया, वक्ताओं ने कहा कि जिस प्रकार महर्षि नारद सत्य, सूचना और संवाद के वाहक थे, उसी प्रकार आज के पत्रकार समाज की आंख और कान बनकर कार्य कर रहे हैं।पण्डोखर धाम पीठाधीश्वर त्रिकालदर्शी संत गुरुशरण महाराज के दिव्य सान्निध्य में आयोजित इस समारोह में दतिया, भाण्डेर सहित दूर-दराज क्षेत्रों से आए पत्रकारों को अंगवस्त्र एवं स्मृतिचिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कंप्यूटर बाबा सहित अनेक संत महात्मा उपस्थित रहे।पण्डोखर धाम के संस्थापक एवं सचिव मुकेश कुमार गुप्ता (सागर) ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए सभी पत्रकारों का अभिनंदन किया और उनके सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। मीडिया प्रभारी प्रमोद शास्त्री एवं रवि श्रीवास्तव सहित प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया से जुड़े अनेक पत्रकार तथा हजारों श्रद्धालु इस गरिमामय आयोजन के साक्षी बने। महाराजा अरुणादित्य देव ने लिया आशीर्वाद महोत्सव में दतिया के महाराजा अरुणादित्य देव भी विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने पण्डोखर सरकार बालाजी मंदिर में दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा धाम परिसर में स्थापित विभिन्न देवी-देवताओं के चरणों में नमन किया।इसके पश्चात उन्होंने श्रद्धा मंच पर संत गुरुशरण महाराज से भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। महाराजा ने महोत्सव के अंतर्गत चल रहे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों की सराहना करते हुए इसे सनातन धर्म एवं भारतीय संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए महत्वपूर्ण बताया। इस अवसर पर संत गुरुशरण महाराज ने उनका अंगवस्त्र पहनाकर सम्मान किया। उनके साथ वरिष्ठ पत्रकार रवि ठाकुर, सतीश सिहारे एवं शैलेंद्र सिंह बुन्देला भी उपस्थित रहे।भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु,शनिवार रात्रि सांस्कृतिक मंच पर आयोजित भजन संध्या ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। मेरठ से आए नीरज शर्मा गुरुजी एंड ग्रुप ( छोटा खाटू श्याम) के कलाकारों ने श्याम, राम और हनुमान भजनों की सुमधुर प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मंच पूजन एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके बाद कलाकारों ने “हारा हूं बाबा पर तुझपे भरोसा है”, “जय सियाराम”, “फूलों में सज रहे हैं,वृंदावन बिहारी” जैसे भजनों से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। भजन संध्या के दौरान पूरा पंडाल तालियों और जयकारों से गूंज उठा।इस अवसर पर संत गुरुशरण महाराज, अयोध्या धाम से पधारे संत बृजमोहन दास महाराज एवं कंप्यूटर बाबा मंच पर विराजमान रहे,रामलीला में लंका दहन ने बांधा समां महोत्सव के अंतर्गत रामलीला मंचन भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। हाथीवान सरकार आदर्श रामलीला मंडल द्वारा प्रस्तुत लीलाओं में सुरसा मिलन, हनुमान का लंका गमन, मेघनाथ संवाद एवं लंका दहन का प्रभावशाली मंचन किया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। रामलीला का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। बड़ी संख्या में उपस्थित दर्शकों ने कलाकारों के अभिनय की सराहना करते हुए कार्यक्रम का आनंद लियाधार्मिक कथाओं का प्रवाह जारी,महोत्सव के अंतर्गत 2 से 9 अप्रैल तक श्रीमद्भागवत कथा, 10 अप्रैल से हनुमत कथा तथा 15 अप्रैल से 21 अप्रैल तक श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा प्रवक्ता पंडित पवन शास्त्री जी महाराज द्वारा राम कथा का रसपान कराया जा रहा है। श्रद्धालु बड़ी संख्या में कथा श्रवण कर धर्म लाभ अर्जित कर रहे हैं।22 अप्रैल तक सर्कस का आकर्षण,महोत्सव में मनोरंजन का भी विशेष ध्यान रखा गया है,फिनिक्स सर्कस ग्रुप भारत द्वारा 22 अप्रैल तक विभिन्न रोमांचक और हैरतअंगेज प्रस्तुतियां दी जा रही हैं, जो दर्शकों को आकर्षित कर रही हैं।पण्डोखर धाम महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बना हुआ है, बल्कि यह सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और जनसंचार के महत्व को भी रेखांकित कर रहा है। यहां आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से जहां श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त हो रही है, वहीं समाज को एक सकारात्मक दिशा देने का प्रयास भी किया जा रहा है।
रिपोर्टर - नितिन कुमार दांतरे


No Previous Comments found.