पंडोखर धाम में आज 11 बेटियों का सामूहिक विवाह: गुरुशरण महाराज ने उठाया पूरा दायित्व, युद्ध स्तर पर हुई तैयारियां

दतिया : सामाजिक सरोकार,मानवीय संवेदनाओं और धार्मिक परंपराओं का अद्भुत संगम गुरुवार 21 मई 2026 को पंडोखर धाम में देखने को मिलेगा, जहां पंडोखर पीठाधीश्वर परम पूज्य गुरुशरण महाराज ( पंडोखर सरकार) के पावन सानिध्य में 11 कन्याओं का भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन धूमधाम एवं वैदिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया जाएगा।यह आयोजन केवल विवाह समारोह नहीं, बल्कि उन परिवारों के लिए उम्मीद और सम्मान का उत्सव बन गया है, जिनकी बेटियों का विवाह व्यवस्थागत कारणों से संकट में पड़ गया था। भांडेर विकासखंड के ग्राम मैथाना में प्रस्तावित 11 कन्याओं का निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन अचानक स्थगन की स्थिति में पहुंच गया था जैसे ही इस बात की जानकारी पंडोखर धाम पीठाधीश्वर गुरुशरण जी महाराज एवं पंडोखर धाम के सरपंच तथा भाजपा जिला उपाध्यक्ष रामजी शर्मा को मिली, उन्होंने तुरंत मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए ग्राम मैथाना पहुंचकर सभी कन्याओं और उनके परिजनों को भरोसा दिलाया कि किसी भी बेटी का विवाह रुकने नहीं दिया जाएगा,पंडोखर धाम ने उठाया संपूर्ण आयोजन का दायित्व,पंडोखर सरकार ने तुरंत निर्णय लेते हुए संपूर्ण सामूहिक विवाह सम्मेलन की सभी व्यवस्थाओं का दायित्व पंडोखर धाम की ओर से अपने हाथों में ले लिया,इसके बाद विवाह आयोजन को सफल बनाने के लिए धाम परिसर में युद्ध स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गईं।धाम परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। विवाह मंडप, अतिथि स्वागत स्थल, भोजन व्यवस्था, बारातियों के ठहरने की व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के मंच तथा सुरक्षा और सुविधा संबंधी सभी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बंधेंगे 11 जोड़े गुरुवार को आयोजित होने वाले इस भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन में कुल 11 कन्याएं परिणय सूत्र में बंधेंगी। इनमें विभिन्न समाजों की बेटियां शामिल हैं, जिनमें बंशकार समाज की 4 कन्याएं दोहरे समाज की 3 कन्याएं,केवट समाज की 1 कन्या,अन्य समाजों की 3 कन्याएं,शामिल हैं। विवाह संस्कार वैदिक मंत्रोच्चार, धार्मिक अनुष्ठानों और पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराए जाएंगे। नवदंपत्तियों को मिलेगा गृहस्थ जीवन का उपहार,पंडोखर धाम की ओर से सभी नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए आवश्यक सामग्री भेंट स्वरूप प्रदान की जाएगी। इनमें कूलर, अलमारी, प्रेस, बेड, सिंगार दानी सहित अन्य घरेलू उपयोग की वस्तुएं शामिल हैं।धाम ट्रस्ट की ओर से यह सहयोग नवदंपत्तियों के सुखद, सम्मानजनक और आत्मनिर्भर वैवाहिक जीवन की शुभकामना के रूप में दिया जाएगा। बेटियों के विवाह में कोई बाधा न आए” — गुरुशरण महाराज पंडोखर धाम ट्रस्ट के संस्थापक सचिव मुकेश कुमार गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पंडोखर धाम सदैव सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग करना धाम ट्रस्ट के लिए सौभाग्य की बात है।उन्होंने कहा कि पूज्य गुरुशरण जी महाराज ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी परिस्थिति में बेटियों के विवाह में बाधा नहीं आनी चाहिए और इसी भावना के साथ उन्होंने पूरे आयोजन की जिम्मेदारी अपने हाथों में ली।क्षेत्रवासियों से शामिल होने की अपील पंडोखर धाम ट्रस्ट ने समस्त क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पंडोखर धाम पहुंचकर नवदंपत्तियों को आशीर्वाद प्रदान करें तथा इस पुण्य एवं सामाजिक आयोजन के सहभागी बनें।आज पंडोखर धाम में होने जा रहा यह सामूहिक विवाह सम्मेलन केवल 11 कन्याओं का विवाह नहीं, बल्कि समाज में सहयोग, संवेदना और संस्कारों की एक प्रेरणादायक मिसाल बनकर उभर रहा है।

रिपोर्टर - नितिन दांतरे

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.