दतिया उपचुनाव: भाषण के दौरान भावुक हुए नरोत्तम मिश्रा, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने संभाला

दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर नामांकन के आखिरी दिन भाजपा ने अपनी पूरी चुनावी ताकत दिखाई। पार्टी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया।

नामांकन के बाद किला चौक पर आयोजित भाजपा की जनसभा में भावुक करने वाला दृश्य देखने को मिला। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि भाजपा में कोई मतभेद नहीं है और पूरी पार्टी एकजुट होकर चुनाव लड़ रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि कार्यकर्ताओं के समर्थन से भाजपा जीत हासिल करेगी।

अपने संबोधन में नरोत्तम मिश्रा ने भाजपा और कांग्रेस की राजनीति में अंतर बताते हुए कहा कि कांग्रेस का उम्मीदवार जहां राजघराने से जुड़ा है, वहीं भाजपा के कार्यकर्ता लंबे समय से राष्ट्रसेवा के उद्देश्य से संगठन के लिए काम करते आए हैं। उन्होंने कहा कि वे दतिया के हर घर तक पहुंचकर लोगों का आशीर्वाद लेंगे।

उन्होंने कहा, “मैं दतिया के एक-एक दरवाजे पर जाकर अपना शीश झुकाऊंगा।” यह कहते हुए वे भावुक हो गए और कुछ देर के लिए उनका गला भर आया। मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आगे बढ़कर उन्हें संभाला, जबकि प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी उनका उत्साह बढ़ाया।

सभा को संबोधित करते हुए हेमंत खंडेलवाल ने दावा किया कि दतिया उपचुनाव में भाजपा की जीत निश्चित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ऊर्जा के साथ चुनाव प्रचार में जुटने की अपील की।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भाजपा पूरी एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष और डॉ. नरोत्तम मिश्रा के मार्गदर्शन में प्रत्याशी का नामांकन कराया गया है और पार्टी दतिया में बड़े अंतर से जीत दर्ज करेगी।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.