कांग्रेस और शिवसेना के वरिष्ठ नेताओं ने समर्थकों सहित थामा भाजपा का दामन

दतिया : दतिया विधानसभा उपचुनाव के बीच रविवार को राजनीतिक माहौल उस समय और गर्म हो गया, जब शहर के होटल प्राक्षी स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित एक कार्यक्रम में कांग्रेस एवं शिवसेना के कई वरिष्ठ नेताओं ने अपने चार दर्जन से अधिक समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली,भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल तथा पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा की उपस्थिति में यह सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम संपन्न हुआ ।

भाजपा में शामिल होने वालों में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता महाराज गोविंद राहुल देव सिंह, शिवसेना जिला अध्यक्ष  रवि दीक्षित तथा वरिष्ठ समाजसेवी विष्णु दीक्षित प्रमुख रहे। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने सभी नए सदस्यों को भाजपा का अंगवस्त्र पहनाकर पार्टी में आत्मीय स्वागत किया तथा मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर नए सदस्यों ने भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रवादी विचारधारा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की जनकल्याणकारी नीतियों में विश्वास व्यक्त करते हुए संगठन को मजबूत बनाने और जनता की सेवा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।कांग्रेस में गुटबाजी और कार्यकर्ताओं की उपेक्षा से विश्वास समाप्त हो गया है: हेमंत खण्डेलवाल,कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस में लगातार बढ़ती गुटबाजी, नेतृत्व की कार्यशैली और समर्पित कार्यकर्ताओं की उपेक्षा के कारण पार्टी के अधिकांश कार्यकर्ताओं का अपने प्रदेश नेतृत्व और प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी से विश्वास उठ चुका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का मोहभंग हो रहा है और यही कारण है कि विभिन्न क्षेत्रों के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता लगातार भारतीय जनता पार्टी से जुड़ रहे हैं।उन्होंने कहा कि भाजपा विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक राजनीतिक संगठन है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता को सम्मान, अवसर और अपनी बात रखने का पूरा अधिकार मिलता है। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी में शामिल हुए सभी नए साथी संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के साथ-साथ जनता की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।कांग्रेस झूठ और भ्रम की राजनीति करती है, जनता सब समझ चुकी है
 हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि कांग्रेस बिना तथ्य और साक्ष्य के निराधार आरोप लगाने की राजनीति करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में सच बोलने वाले कार्यकर्ताओं की आवाज दबा दी जाती है और पार्टी का संचालन लोकतांत्रिक मूल्यों के बजाय निजी कंपनी की तरह किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विकास , सुशासन और जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है, जबकि कांग्रेस जनता को भ्रमित करने और झूठे आरोप लगाने में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की छवि धूमिल करने के कांग्रेस के सभी प्रयास विफल हुए हैं और आगे भी सफल नहीं होंगे। जनता कांग्रेस के वास्तविक चरित्र को भली-भांति समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रहित, विकास और अंत्योदय की विचारधारा के साथ आगे बढ़ रही है और इसी विचारधारा से प्रेरित होकर समाज के सभी वर्गों के लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं,दतिया में विकास केवल भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुआ: महाराज गोविंद राहुल देव सिंह भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद महाराज गोविंद राहुल देव सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने उनके परिवार को पुनः संगठन की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया है, जिसके लिए वे सदैव उनके ऋणी रहेंगे। उन्होंने कहा कि दतिया में कांग्रेस के दो परिवारों ने वर्षों तक केवल शासन किया, लेकिन विकास के नाम पर कुछ नहीं किया। दतिया का वास्तविक विकास भारतीय जनता पार्टी की सरकार के कार्यकाल में हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास का चेहरा है, जबकि कांग्रेस में एक प्रत्याशी अकेले चुनाव लड़ता है। इसके विपरीत भाजपा में पूरा संगठन एकजुट होकर चुनाव लड़ता है और यही उसकी जीत का सबसे बड़ा कारण है।कांग्रेस में वंशवाद हावी, कार्यकर्ताओं का कोई महत्व नहीं,महाराज गोविंद राहुल देव सिंह ने कांग्रेस पर वंशवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी में वर्षों से परिवारवाद की परंपरा चली आ रही है और कार्यकर्ताओं का कोई महत्व नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में राजा-महाराजा और वंशवाद की राजनीति हावी है, जबकि भाजपा में प्रत्येक कार्यकर्ता को समान अवसर और सम्मान मिलता है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार मध्यप्रदेश की गौरवशाली सांस्कृतिक , धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित कर उसे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का कार्य कर रही है। जिस प्रकार भोपाल में राजा भोज की गौरवगाथा को नई पहचान मिली है, उसी प्रकार दतिया की ऐतिहासिक एवं धार्मिक धरोहरों को भी विश्व स्तर पर पहचान दिलाई जाएगी।उन्होंने कहा कि वे जीवनभर तन, मन और धन से निःस्वार्थ भाव से संगठन और समाज की सेवा करते रहेंगे तथा भगवान श्रीकृष्ण के निष्काम कर्म के संदेश का पालन करते हुए बिना किसी फल की इच्छा के अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।कई वरिष्ठ भाजपा नेता रहे मौजूद इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष  रणवीर सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री एवं उपचुनाव सह-प्रभारी  राहुल कोठारी, पूर्व मंत्री एवं चुनाव अभियान प्रमुख अरविंद भदौरिया, तीर्थ स्थान मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष विनोद गोटिया , प्रदेश प्रवक्ता ब्रजगोपाल लोया सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।राजनीतिक दृष्टि से इस सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम को दतिया विधानसभा उपचुनाव के बीच भाजपा के लिए महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। भाजपा ने इसे संगठन के विस्तार और कार्यकर्ताओं के बढ़ते विश्वास का प्रतीक बताया, जबकि कार्यक्रम में शामिल नेताओं ने भाजपा की विचारधारा और सरकार की नीतियों के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया।

रिपोर्टर : नितिन कुमार दांतरे

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.