पण्डोखर धाम महोत्सव में आज पधारेंगे कथा वाचक देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज
दतिया - जिले के प्रसिद्ध आस्था केंद्र पण्डोखर धाम में आयोजित 30वें वार्षिक महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में अपार उत्साह और भक्ति का वातावरण देखने को मिल रहा है। महोत्सव के इस भव्य आयोजन में आज एक विशेष आध्यात्मिक क्षण जुड़ने जा रहा है, जब अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथा वाचक एवं सनातन धर्म के प्रखर प्रचारक श्री देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज धाम में पधारेंगे।मंगलवार को पण्डोखर धाम आगमन के उपरांत ठाकुर जी महाराज सबसे पहले श्री बालाजी मंदिर में विराजमान पण्डोखर सरकार, श्री हनुमान जी के दर्शन कर पूजा-अर्चना करेंगे। इसके पश्चात वे धाम के पीठाधीश्वर पूज्य श्री गुरुशरण जी महाराज से सौजन्य भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। इस दौरान धार्मिक, आध्यात्मिक और सामाजिक विषयों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
पण्डोखर धाम ट्रस्ट के संस्थापक एवं सचिव श्री मुकेश कुमार गुप्ता (सागर) ने जानकारी देते हुए बताया कि देवकीनंदन ठाकुर महाराज धाम में संचालित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों और सेवा प्रकल्पों का अवलोकन करेंगे। साथ ही वे महोत्सव स्थल और मेला क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लेंगे।ज्ञात हो कि पण्डोखर धाम में इन दिनों श्रीराम महायज्ञ, श्रीमद्भागवत कथा, भजन-कीर्तन, संत समागम एवं विभिन्न धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जा रहा है, जिसमें दूर-दराज से हजारों की संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन पहुंच रहे हैं। ऐसे में देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज के आगमन को लेकर भक्तों में विशेष उत्सुकता बनी हुई है।उनके आगमन से श्रद्धालुओं को न केवल उनके दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य मिलेगा, बल्कि उनके प्रेरणादायक प्रवचनों से आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार भी होगा। महोत्सव में उपस्थित संत-महात्माओं और भक्तों के लिए यह अवसर अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज के पण्डोखर धाम आगमन से पूरे महोत्सव की गरिमा और भव्यता में और अधिक वृद्धि होगी तथा क्षेत्र में भक्ति और आस्था का वातावरण और भी प्रगाढ़ हो जाएगा। श्रद्धालुओं को उम्मीद है कि यह आयोजन उनके जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक चेतना का संचार करेगा।
रिपोर्टर - नितिन दांतरे


No Previous Comments found.