ग्राम खिरका में ‘गांव चलो,बस्ती चलो’ अभियान का आयोजन,विधायक प्रदीप अग्रवाल ने सुनीं जनसमस्याएं

दतिया - भारतीय जनता पार्टी ग्रामीण मंडल इंदरगढ़ द्वारा ‘गांव चलो, बस्ती चलो’ अभियान के अंतर्गत ग्राम खिरका में एक व्यापक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सेंवढ़ा विधायक प्रदीप अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में मंडल अध्यक्ष प्रवीण गौर,जिला उपाध्यक्ष राजेश दांतरे उपस्थित रहे। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेताओं में गब्बर सिंह रावत,रघुनाथ सिंह कमरिया,पंचम सिंह रावत,रामबहादुर सिंह गुर्जर,भूपेंद्र सिंह कमरिया, गिरवर सिंह कमरिया, अजमेर सिंह गुर्जर,कप्तान कोरी,वीरेंद्र रावत,उदय सिंह रावत,जितेंद्र रावत,अमर सिंह सैन, राजकुमार परिहार, बलवीर कुशवाहा,रमाशंकर पाठक,बबलू चौहान,रतेंद्र रावत एवं मुबारक खां सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं ग्रामवासी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं भारत माता के चित्रों पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके पश्चात मंडल अध्यक्ष प्रवीण गौर ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया।
अपने संबोधन में विधायक प्रदीप अग्रवाल ने कहा कि पूर्व में रही कांग्रेस सरकार ने अंग्रेजों की तर्ज पर शासन किया, जिसमें आमजन की समस्याओं की अनदेखी हुई और विकास कार्य ठप पड़े रहे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के आने के बाद देश में विकास की नई धारा बह रही है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की गईं, जिनका लाभ आज अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
विधायक अग्रवाल ने कहा कि ‘गांव चलो, बस्ती चलो’ अभियान का मुख्य उद्देश्य गांव-गांव जाकर लोगों को शासन की योजनाओं की जानकारी देना और उनकी समस्याओं को मौके पर सुनकर समय-सीमा में उनका निराकरण करना है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जब तक प्रत्येक जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ नहीं पहुंचेगा, तब तक इस अभियान की सफलता अधूरी रहेगी। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने ग्राम खिरका के नागरिकों की विभिन्न समस्याएं गंभीरता से सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर समाधान भी कराया। इससे ग्रामीणों में संतोष और विश्वास का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम का संचालन कालीचरण राजपूत द्वारा किया गया। अंत में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं एवं ग्रामवासियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

रिपोर्टर - नितिन दांतरे

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.