पंडोखर धाम महोत्सव में भोजपुरी नाइट की धूम,
दतिया - पंडोखर पीठाधीश्वर गुरु शरण महाराज के पावन सानिध्य में आयोजित 30वें पंडोखर सरकार धाम महोत्सव एवं श्री राम महायज्ञ की वर्षगांठ के अवसर पर शुक्रवार की रात्रि सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग श्रृंखला में भोजपुरी नाइट, विशाल दंगल और रामलीला मंचन ने श्रद्धालुओं और दर्शकों को मंत्रमुग्ध *कर दिया।देर रात तक चले आयोजनों में भक्ति, संस्कृति और मनोरंजन का अद्भुत संगम देखने को मिला।भोजपुरी नाइट में कलाकारों ने बांधा समां, श्रोता झूम उठेसांस्कृतिक मंच पर आयोजित भोजपुरी नाइट कार्यक्रम का शुभारंभ पंडोखर धाम के पीठाधीश्वर गुरु शरण महाराज, मध्यप्रदेश शासन के सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग तथा उपस्थित संत-महात्माओं द्वारा हनुमान महाराज के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर अतिथियों एवं कलाकारों का पंडोखर धाम शिष्य मंडल द्वारा पुष्पमालाएं पहनाकर, अंगवस्त्र ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया,कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती वंदना और गणपति वंदना से हुई। इसके बाद भोजपुरी गायक आर्यन बाबू (बक्सर छोटा धमाका) ने अपने जोशीले भजनों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। “भारत का बच्चा-बच्चा जय राम बोलेगा” जैसे भजनों ने पूरे पंडाल को जयघोष से गुंजायमान कर दिया। उनके भजनों की धुन सुनकर मेले में घूम रहे लोग भी मंच की ओर खिंचे चले आए।भोजपुरी सिंगर रक्षा गुप्ता ने काव्य पाठ “तुम्हें देखकर और हम कहां देखें...” प्रस्तुत कर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। इसके बाद उन्होंने अपने लोकप्रिय गीतों जैसे “कमरिया होले-होले डोले राजा ”, “लाल-लाल होठवा...” आदि पर शानदार प्रस्तुति दी। भोजपुरी सिने जगत की चर्चित कलाकार आम्रपाली दुबे ने भी अपने गीतों और नृत्य से मंच पर चार चांद लगा दिए। आम्रपाली दुबे, रक्षा गुप्ता और आर्यन बाबू ने सामूहिक प्रस्तुति देते हुए दर्शकों की फरमाइश पर गीत गाए और ठुमकों से समां बांध दिया। पंडाल के अंदर ही नहीं, बाहर खड़े दर्शकों में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला ।विशाल दंगल में पहलवानों ने दिखाया दमखम महोत्सव के अंतर्गत आयोजित विशाल दंगल प्रतियोगिता में देश के विभिन्न हिस्सों—मथुरा, वृंदावन, दिल्ली, हरियाणा, ग्वालियर, भिंड, झांसी, छतरपुर एवं दतिया—से आए पहलवानों ने अपने दांव-पेंच का शानदार प्रदर्शन किया।दंगल का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ आचार्य उमाशंकर देवलिया, पीठाधीश्वर गुरु शरण महाराज एवं अन्य संतों द्वारा हनुमान जी पूजन कर किया गया।मुख्य मुकाबलों में—दिनेश पहलवान (पंडोखर) और अजय पहलवान (भेतपुरा) के बीच हुए मुकाबले में अजय ने जीत हासिल कर ₹5100 का पुरस्कार जीता। सत्येंद्र और पिंटू पहलवान (दुर्गापुर) के बीच मुकाबले में पिंटू ने ₹7100 की राशि अपने नाम की।कोकसिंह (मथुरा) और वीरेंद्र (दतिया) के बीच मुकाबला बराबरी पर रहा।अर्जुन (संभल) और जनक (मथुरा) की ₹21,000 की झंडी भी बराबरी पर छूटी ।अंकित (नादिया) ने बंटी (अलीगढ़) को हराकर ₹8100 का पुरस्कार जीता।वीरेंद्र रोनी (दतिया) ने विवेक (हाथरस) और दीपक (मथुरा) को पराजित कर दो मुकाबलों में जीत दर्ज की।अंतिम बड़े मुकाबले में संजय पहलवान ( हरियाणा) ने सुनील (जिरकपुर) को हराकर ₹81,000 का इनाम जीता,कुछ मुकाबले रोमांचक बराबरी पर समाप्त हुए, जिनमें पहलवानों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। दंगल के दौरान बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे और हर दांव पर तालियों की गूंज सुनाई देती रही।रामलीला मंचन ने दर्शकों को किया भावविभोर महोत्सव में आयोजित रामलीला के तहत सीता खोज, शबरी आश्रम , राम-सुग्रीव मित्रता एवं बालि वध जैसे प्रसंगों का मंचन किया गया,बाहर से आए कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय से दर्शकों को त्रेतायुग की झलक दिखा दी।रामलीला का शुभारंभ मुख्य अतिथियों चंदन सिंह धाकड़, पूरन जाट एवं गब्बर बाबा द्वारा राम दरबार की आरती के साथ किया गया। मंचन के दौरान श्रद्धालु भक्ति भाव में डूबे नजर आए।19 से 22 अप्रैल तक सर्कस का आकर्षण,महोत्सव में मनोरंजन की कड़ी को आगे बढ़ाते हुए 19 से 22 अप्रैल तक फिनिक्स सर्कस ग्रुप भारत द्वारा सांस्कृतिक मंच पर सर्कस का आयोजन किया जाएगा। इसमें विभिन्न रोमांचक और आकर्षक प्रस्तुतियां दर्शकों को देखने को मिलेंगी।समग्र रूप से, पंडोखर धाम महोत्सव में आयोजित इन कार्यक्रमों ने धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और मनोरंजन का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं और दर्शकों ने भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया।
रिपोर्टर - नितिन दांतरे

No Previous Comments found.