पंडोखर सरकार धाम महोत्सव में सर्कस और रामलीला का अद्भुत संगम,दर्शकों ने जमकर सराहा
दतिया - पंडोखर पीठाधीश्वर श्री गुरु शरण जी महाराज के पावन सानिध्य में आयोजित 30वें पंडोखर सरकार धाम महोत्सव, मेला एवं श्रीराम महायज्ञ के अंतर्गत इन दिनों धार्मिक, सांस्कृतिक और मनोरंजक कार्यक्रमों की भव्य श्रृंखला जारी है। महोत्सव में एक ओर जहां रामकथा और रामलीला के माध्यम से श्रद्धालु आध्यात्मिक रस में सराबोर हो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सांस्कृतिक मंच पर सर्कस कलाकारों की रोमांचक प्रस्तुतियां दर्शकों को आकर्षित कर रही हैं।सांस्कृतिक मंच पर सर्कस कलाकारों का रोमांचक प्रदर्शन,सोमवार रात्रि सांस्कृतिक मंच पर फिनिक्स सर्कस ग्रुप इंडिया के कलाकारों ने अपने हैरतअंगेज करतबों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडोखर धाम के शिष्यों द्वारा सर्कस के डायरेक्टर एवं कलाकारों का फूलमाला एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत-सम्मान से हुआ। प्रदर्शन की शुरुआत कॉमेडियन जोकरों की मनोरंजक प्रस्तुति से हुई,जिसने दर्शकों को हंसी से लोटपोट कर दिया। इसके बाद मणिपुरी रोड बैलेंस का अद्भुत प्रदर्शन देखने को मिला,जिसमें एक कलाकार ने चार धारदार तलवारों पर पहले सीधा और फिर उल्टा लेटकर संतुलन बनाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इस खतरनाक करतब को देखकर उपस्थित लोग दंग रह गए और तालियों की गड़गड़ाहट से मंच गूंज उठा।
फिनिक्स सर्कस के प्रमुख कलाकारों में सुरजीत सिंह (मणिपुर), अंजलि शाह (नेपाल), विक्की घोड़ा (कोलकाता), सुंदर घोष (पश्चिम बंगाल), प्रकाश सिंधिया (महाराष्ट्र) सहित अन्य कलाकारों ने विभिन्न करतब प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। बताया गया कि सर्कस के ये प्रदर्शन 22 अप्रैल तक जारी रहेंगे। रामलीला मंचन में भावपूर्ण प्रस्तुतियां,महोत्सव के अंतर्गत रामलीला मंच पर हाथीवान सरकार आदर्श रामलीला मंडल, बरहा धाम के कलाकारों द्वारा भावपूर्ण मंचन प्रस्तुत किया गया। संचालक टिल्लू मस्ताना नरोल एवं अध्यक्ष बबलू दीवाना के निर्देशन में सुप्रसिद्ध कलाकारों ने कुंभकरण वध, मेघनाथ वध और सती सुलोचना की मार्मिक लीला का मंचन कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया।रामलीला मंच का शुभारंभ मुख्य अतिथि महंत पंडित हरसेवक शर्मा, छोटे महंत सतीश कुमार शर्मा, भगवती पटेरिया एवं गब्बर बाबा सहित अन्य श्रद्धालुओं द्वारा श्रीराम दरबार में आरती कर किया गया। मंचन के दौरान हजारों की संख्या में उपस्थित दर्शकों ने कलाकारों की अभिनय प्रतिभा की सराहना की।रामकथा में राजतिलक सहित महत्वपूर्ण प्रसंगों का वर्णन, महोत्सव के दौरान कथा मंच से ददरौआ धाम से पधारे कथा व्यास पंडित पवन शास्त्री द्वारा श्रीराम कथा का रसपान कराया जा रहा है। कथा के दौरान,उन्होंने श्रीराम विवाह, रामचरितमानस के महत्व तथा श्रीराम के राजतिलक जैसे महत्वपूर्ण प्रसंगों का विस्तार से वर्णन किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।कथा समापन के अवसर पर कथा परीक्षित परिवार द्वारा पुराण की आरती कर पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस दौरान मीरा देवी, सतीश कुमार सोनी, रामकुमार सोनी, बबीता पवन सोनी, प्रीति दिलीप सोनी, पूजा सोनी, अमित सोनी सहित अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।कोरोना काल से अनवरत जारी श्रीराम महायज्ञ,पंडोखर धाम में श्रीराम महायज्ञ का आयोजन कोरोना काल से निरंतर जारी है। यज्ञशाला में प्रतिदिन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा- अर्चना और हवन का क्रम चलता है, जिससे पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहता है। प्रमुख आचार्य पंडित उमाशंकर देवलिया ने बताया कि प्रातःकाल से लेकर सायंकाल तक वेद पाठ, देव पूजन और हवन की प्रक्रिया नियमित रूप से संपन्न होती है। महोत्सव में जुट रही भारी भीड़, मिल रहीं सुविधाएं,हर वर्ष की तरह इस बार भी पंडोखर सरकार धाम महोत्सव में दूर-दराज से श्रद्धालु और व्यापारी बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। मेले में सर्कस, झूले, मौत का कुआं सहित विभिन्न मनोरंजन के साधन आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। साथ ही विभिन्न दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों के माध्यम से व्यापार कर रहे हैं।पंडोखर धाम प्रशासन द्वारा मेले में आए सभी आगंतुकों के लिए बिजली, पानी, सुरक्षा और स्थान सहित आवश्यक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे आयोजन सुव्यवस्थित रूप से संचालित हो रहा है। महोत्सव के अंतर्गत आयोजित हो रहे धार्मिक, सांस्कृतिक और मनोरंजक कार्यक्रमों ने क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना दिया है, जहां श्रद्धा और आनंद का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।
रिपोर्टर - नितिन कुमार दांतरे

No Previous Comments found.