पत्नी के डांस वीडियो को लेकर शक और विवाद ने उजाड़ा पूरा परिवार

दतिया - मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के बसैया थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। शुक्रवार देर रात एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और दो मासूम बेटों की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या कर दी। इसके बाद वह गांव से निकलकर शिकारपुर रेलवे फाटक पहुंचा और ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। शनिवार सुबह जब पड़ोसियों ने घर के अंदर तीनों के शव पड़े देखे तो पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 35 वर्षीय बलराम सिंह कुशवाहा के रूप में हुई है। उसने अपनी 32 वर्षीय पत्नी रविता कुशवाहा, 8 वर्षीय बेटे आरव और 5 वर्षीय बेटे देबू की हत्या की। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पारिवारिक विवाद और पत्नी के डांस वीडियो को लेकर उपजा शक एवं नाराजगी सामने आई है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

सुबह पड़ोसियों ने देखा भयावह मंजर

बसैया थाना प्रभारी विवेक तोमर ने बताया कि वारदात घर के आंगन में हुई। घर चारों ओर से ऊंची बाउंड्री से घिरा हुआ है। शनिवार सुबह पड़ोसियों ने देखा कि घर का मुख्य गेट बाहर से बंद है। काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर उन्हें संदेह हुआ। जब उन्होंने बाउंड्री के ऊपर से झांककर देखा तो आंगन में महिला और दोनों बच्चों के शव खून से लथपथ पड़े थे। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घर का दरवाजा खुलवाया और जांच शुरू की। घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए। वहीं कुछ देर बाद शिकारपुर रेलवे फाटक के पास ट्रेन से कटे एक व्यक्ति का शव मिला, जिसकी पहचान बलराम सिंह कुशवाहा के रूप में हुई।

बेंगलुरु से लौटने के बाद बढ़ गया था विवाद

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार बलराम सिंह बेंगलुरु में मार्बल घिसाई का काम करता था और लगभग एक माह पहले ही गांव लौटा था। इसी दौरान उसे अपनी पत्नी रविता का एक वीडियो मिला, जिसमें वह गांव में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के कार्यक्रम में नृत्य करती दिखाई दे रही थी। बताया जा रहा है कि गांव के कुछ युवकों ने यह वीडियो बनाकर बलराम को व्हाट्सएप पर भेज दिया था। इसके बाद से वह पत्नी से नाराज रहने लगा और दोनों के बीच लगातार विवाद होने लगा। परिजनों के अनुसार विवाद इतना बढ़ गया कि रविता कुछ दिनों के लिए अपने मायके भी चली गई थी। तीन दिन पहले ही वह वापस ससुराल लौटी थी।

बाजार जाने को लेकर भी होता था विवाद

जांच में यह भी सामने आया है कि बलराम पत्नी के बाजार आने-जाने को लेकर भी आपत्ति जताता था। पिछले एक महीने से पति-पत्नी के बीच तनाव बना हुआ था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या किसी अन्य कारण ने भी इस घटना को अंजाम देने में भूमिका निभाई।

देर रात कुल्हाड़ी से किया हमला

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार देर रात बलराम ने पहले अपनी पत्नी रविता पर कुल्हाड़ी से हमला किया। पत्नी की मौत के बाद उसने अपने दोनों मासूम बेटों पर भी ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर चोटों के कारण तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर से निकल गया और रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर ट्रेन के सामने आ गया, जिससे उसकी भी मौत हो गई।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और साक्ष्य एकत्र किए गए। शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। पत्नी के डांस वीडियो को लेकर नाराजगी भी एक कारण के रूप में सामने आई है, लेकिन घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे किशनपुर गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल है। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

रिपोर्टर - नितिन दांतरे

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.