भाजपा ने संगठन को दिया जीत का मंत्र
दतिया : विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपने चुनावी अभियान को पूरी तरह गति दे दी है। मंगलवार को दतिया के होटल रतन रॉयल में आयोजित महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक में भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह एवं क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देते हुए चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि वे प्रत्येक बूथ को अपनी जिम्मेदारी मानते हुए पूरी ऊर्जा, अनुशासन और समर्पण के साथ चुनाव मैदान में उतरें तथा भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाने का संकल्प लें।बैठक में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी, प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बरूआ, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, संभाग प्रभारी अभय यादव, जिला अध्यक्ष रघुवीर कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में जिला पदाधिकारी, पूर्व जिला अध्यक्ष, पूर्व एवं वर्तमान जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, मंडल महामंत्री तथा संगठन के वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।राजा और रंक के बीच का चुनाव', कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत लगाने का आह्वान प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि दतिया विधानसभा का यह उपचुनाव केवल एक सीट का चुनाव नहीं बल्कि विचारधारा, संगठन और जनविश्वास की परीक्षा है। उन्होंने कहा कि यह "राजा और रंक के बीच का चुनाव" है, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी ताकत और समर्पण के साथ चुनाव मैदान में उतरना होगा।उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित और देवतुल्य कार्यकर्ता हैं, जिनकी मेहनत और संगठन के प्रति निष्ठा के कारण भाजपा आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर जनता से संपर्क करने और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने का आग्रह किया।विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान,डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि जनधन योजना के माध्यम से करोड़ों गरीबों के बैंक खाते खोले गए, जिनमें आज प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के जरिए सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पहुंच रहा है। आयुष्मान भारत योजना सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं से करोड़ों परिवार लाभान्वित हुए हैं।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा लगातार बढ़ी है और देश राष्ट्रीय सुरक्षा, आर्थिक विकास तथा आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है तथा वर्ष 2029 तक तीसरी और 2047 तक विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसर है।उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में केंद्र एवं प्रदेश सरकारों द्वारा किए गए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं तथा भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी की विजय को ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी शक्ति से जुट जाएं ।बूथ ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत: अजय जामवाल,क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने संगठनात्मक मजबूती पर विशेष जोर देते हुए कहा कि भाजपा की चुनावी सफलता का आधार हमेशा मजबूत बूथ संगठन रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ को अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारी माने और योजनाबद्ध तरीके से कार्य करते हुए अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित करने का लक्ष्य लेकर चुनावी अभियान चलाए।उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर मजबूत संगठन ही बड़ी जीत का आधार बनता है। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित करे, घर-घर संपर्क अभियान चलाए तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं एवं भाजपा की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से जनता के बीच पहुंचाए।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संगठन की एकजुटता, अनुशासित कार्यशैली, बूथ स्तर की प्रभावी रणनीति और कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत के बल पर भाजपा दतिया विधानसभा उपचुनाव में ऐतिहासिक एवं रिकॉर्ड मतों से विजय प्राप्त करेगी।चुनावी रणनीति और संगठनात्मक तैयारी पर हुआ मंथन,बैठक के दौरान बूथ प्रबंधन, मतदाता संपर्क अभियान, संगठनात्मक समन्वय, मतदान प्रतिशत बढ़ाने की रणनीति तथा चुनाव संचालन से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे चुनाव की अंतिम घड़ी तक सक्रिय रहकर प्रत्येक मतदाता तक पहुंचें और संगठन की कार्ययोजना के अनुसार चुनावी अभियान को गति दें।बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को भारी मतों से विजयी बनाने का संकल्प दोहराया और दतिया उपचुनाव में पार्टी की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का विश्वास दिलाया।
रिपोर्टर : नितिन दांतरे
No Previous Comments found.