केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्रामीण अंचलों में भरी चुनावी हुंकार

दतिया - दतिया विधानसभा उपचुनाव के चुनाव प्रचार ने शुक्रवार को और अधिक गति पकड़ ली, जब केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी श्री आशुतोष तिवारी के समर्थन में बड़ौनी,जिगना,निचरोली,चकरासागर और गोविंद नगर सहित विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में विशाल जनसभाओं को संबोधित किया। जनसभाओं में बड़ी संख्या में ग्रामीण,भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में श्री सिंधिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार ने देश और मध्यप्रदेश में विकास एवं प्रगति की नई इबारत लिखी है, जबकि कांग्रेस ने लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद जनता के हितों की अनदेखी की। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा परिवारवाद की राजनीति करती रही है और जनता के अधिकारों की रक्षा करने के बजाय अपने नेताओं के हितों को प्राथमिकता देती रही।

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है, जहां समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मान और अवसर मिलता है। इसी भावना के तहत संगठन के निष्ठावान कार्यकर्ता श्री आशुतोष तिवारी को दतिया उपचुनाव में प्रत्याशी बनाया गया है। उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि विकास की गति बनाए रखने के लिए कमल के फूल का बटन दबाकर भाजपा को भारी मतों से विजयी बनाएं।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विश्व में बढ़ा भारत का सम्मान

केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का वैश्विक स्तर पर सम्मान, स्वाभिमान और प्रतिष्ठा अभूतपूर्व रूप से बढ़ी है। आज विश्व के बड़े-बड़े देश अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भारत की भूमिका का इंतजार करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने दुनिया में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और वैश्विक तनाव के बावजूद भारत ने अपने नागरिकों के हितों की रक्षा की और देश को किसी प्रकार की बड़ी कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ा। यह प्रधानमंत्री के सक्षम नेतृत्व का परिणाम है।

भाजपा सरकार की योजनाओं से हर वर्ग को मिला लाभ

श्री सिंधिया ने कहा कि भाजपा सरकार ने समाज के प्रत्येक वर्ग—किसान, गरीब, महिला, युवा, बुजुर्ग और वंचित परिवारों—के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों को पक्के मकान मिले, उज्ज्वला योजना के तहत गरीब महिलाओं को गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए तथा किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक शासन किया, लेकिन आम लोगों के जीवन स्तर को सुधारने के लिए प्रभावी प्रयास नहीं किए। भाजपा सरकार ने जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। दतिया के विकास कार्यों का किया उल्लेख अपने संबोधन में श्री सिंधिया ने दतिया क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का भी विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब दतिया की सड़कें जर्जर थीं और गांवों में बिजली की स्थिति बेहद खराब थी। बच्चों को लालटेन की रोशनी में पढ़ाई करनी पड़ती थी, लेकिन आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने दतिया को मेडिकल कॉलेज, केंद्रीय विद्यालय, एयर कनेक्टिविटी, बेहतर सड़क नेटवर्क,झांसी में रेल स्टॉपेज, तथा सांदीपनि विद्यालयों जैसी महत्वपूर्ण सौगातें दी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले ढाई वर्षों में दतिया के विकास कार्यों की गति धीमी हुई, जिसे अब फिर से तेज करना आवश्यक है।

सिंधिया परिवार का दतिया से आत्मीय संबंध

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सिंधिया परिवार का दतिया की जनता से वर्षों पुराना आत्मीय और पारिवारिक संबंध रहा है। उन्होंने कहा कि वे केंद्रीय मंत्री के रूप में नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य के रूप में दतिया की जनता के बीच आए हैं। उन्होंने कहा कि जब भी क्षेत्र पर कोई संकट आया, सिंधिया परिवार सबसे पहले लोगों के साथ खड़ा रहा। भाजपा नेताओं ने भी किया संबोधित सभा में मध्यप्रदेश शासन के मंत्री श्री राकेश शुक्ला, सांसद श्रीमती संध्या राय, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री रघुवीर सिंह कुशवाह, विधायक श्री प्रीतम लोधी सहित अन्य नेताओं ने भी भाजपा प्रत्याशी श्री आशुतोष तिवारी के समर्थन में मतदान की अपील की और प्रदेश एवं केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा। बड़ी संख्या में उपस्थित रहे नेता एवं कार्यकर्ता जनसभाओं में कैबिनेट मंत्री श्री तुलसी सिलावट,भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं दतिया उपचुनाव के चुनाव अभियान सह-प्रमुख श्री रणवीर सिंह जाटव,विधायक श्री महेंद्र सिंह यादव,श्री पवन पहारिया,पूर्व विधायक श्रीमती इमरती देवी, श्री कमलेश अहिरवार,श्री भरत राजौरिया,श्री अतुल चौधरी,श्री किशनलाल कुशवाह,श्री संजय भार्गव, श्री मनमोहन चौबे, श्री जसवंत जाटव,श्री अरुण चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


रिपोर्टर - नितिन कुमार दांतरे

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.