कांग्रेस देश से गायब हो रही है, अब दतिया से भी गायब करना है : मुख्यमंत्री
दतिया : दतिया विधानसभा उपचुनाव के प्रचार अभियान ने शनिवार को उस समय और गति पकड़ ली, जब मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दतिया विधानसभा क्षेत्र के उदगुवा और उपरायं में आयोजित विशाल जनसभाओं को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के पक्ष में मतदान करने की अपील की,जनसभाओं में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि दतिया विधानसभा का उपचुनाव केवल एक विधायक चुनने का चुनाव नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने का अवसर है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विकास, सुशासन और जनसेवा की राजनीति करती है, जबकि कांग्रेस झूठे वादों और भ्रम फैलाने की राजनीति करती रही है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस देशभर से लगातार कमजोर होती जा रही है और अब समय आ गया है कि दतिया की जनता भी कांग्रेस को पूरी तरह से राजनीतिक रूप से समाप्त कर दे। मुख्यमंत्री ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाकर दतिया और पूरे बुंदेलखंड के विकास को नई गति प्रदान करें।भाजपा जो कहती है, वह करके दिखाती है,मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की पहचान उसकी कथनी और करनी में समानता है,उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की हर योजना का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। सरकार लगातार इस दिशा में कार्य कर रही है कि समाज का कोई भी वर्ग विकास की मुख्यधारा से वंचित न रहे।केन-बेतवा लिंक परियोजना से बदलेगी बुंदेलखंड कीतस्वीर,मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि लगभग एक लाख करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी परियोजना से बुंदेलखंड क्षेत्र की वर्षों पुरानी जल समस्या का समाधान होगा। इससे सिंचाई, पेयजल और कृषि क्षेत्र को नई मजबूती मिलेगी तथा किसानों की आर्थिक स्थिति में व्यापक सुधार आएगा।उन्होंने कहा कि आने वाले समय में दतिया क्षेत्र में बिजली, सिंचाई और आधारभूत सुविधाओं का और अधिक विस्तार किया जाएगा ताकि क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित कर सके ,सड़क, बिजली, पानी और रोजगार पर सरकार का विशेष फोकस मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार लगातार प्रदेशवासियों को बेहतर सड़क, बिजली, पानी और रोजगार उपलब्ध कराने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में हजारों पुलिस पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की गई है तथा कर्मचारियों के लंबे समय से लंबित प्रमोशन भी किए गए हैं।उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गरीबों को निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है और आवश्यकता पड़ने पर एयर एंबुलेंस जैसी *आधुनिक सुविधाएं भी दी जा रही हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि, दुग्ध उत्पादन, रोजगार और आधारभूत संरचना के विकास* के लिए सरकार लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है, जबकि कांग्रेस ने वर्षों तक केवल विकास कार्यों में बाधा पहुंचाने का काम किया, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर भी दिया जोर,मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा सरकार देश की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है, उन्होंने अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण, चित्रकूट सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार भारतीय संस्कृति और आस्था के संरक्षण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और उसके शीर्ष नेताओं ने भगवान श्रीराम के प्रति अपनी आस्था प्रदर्शित नहीं की, जबकि भाजपा सरकार ने राम मंदिर निर्माण सहित अनेक धार्मिक परियोजनाओं को आगे बढ़ाया। डाकुओं का आतंक समाप्त कर बुंदेलखंड को बनाया सुरक्षित,सीतापुर मंडल के उपरायं में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय बुंदेलखंड क्षेत्र डाकुओं के आतंक के कारण बदनाम था, लेकिन भाजपा सरकार ने मजबूत कानून व्यवस्था स्थापित कर क्षेत्र को भयमुक्त बनाया।उन्होंने कहा कि अब क्षेत्र विकास, निवेश और नई संभावनाओं की पहचान बन रहा है। चुनाव के बाद जहां आवश्यकता होगी वहां नए विद्युत फीडर, बिजली लाइन और अन्य विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जाएंगे।गरीब, किसान, महिला और युवा सरकार की प्राथमिकता,मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना तथा मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं से करोड़ों लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है।उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने तथा ग्रामीण परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भी सरकार लगातार प्रयास कर रही है।जनसभा में मतदान का किया आह्वान, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर भाजपा सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित करने का आह्वान किया,उन्होंने जनता से कमल के फूल के पक्ष में मतदान कर भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की,जनसभा को वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा, उपचुनाव प्रभारी एवं सांसद भारत सिंह कुशवाह तथा भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने भी संबोधित किया और भाजपा सरकार की उपलब्धियों एवं विकास कार्यों को जनता के सामने रखा ।ये रहे उपस्थित कार्यक्रम में प्रदेश सह-प्रभारी एवं विधायक सतीश उपाध्याय, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा, मंत्री एदल सिंह कंषाना, तुलसीराम सिलावट, गौतम टेटवाल, दिलीप अहिरवार, नरेन्द्र शिवाजी पटेल, सांसद माया नारोलिया, संध्या राय, अपेक्स बैंक के प्रशासक महेन्द्र सिंह यादव, भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, पूर्व मंत्री एवं विधायक ललिता यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह, पूर्व सांसद अशोक अर्गल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : नितिन कुमार दांतरे
No Previous Comments found.