भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने युवा मोर्चा को दिया जीत का मंत्र, बोले— हर बूथ बने भाजपा की सबसे मजबूत इकाई

दतिया :  दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी गतिविधियों को और तेज कर दिया है। इसी क्रम में शनिवार को भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने दतिया में युवा मोर्चा के पदाधिकारियों एवं विस्तारकों की महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती, बूथ प्रबंधन और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव केवल किसी एक प्रत्याशी के भरोसे नहीं जीते जाते, बल्कि संगठन की मजबूत संरचना और कार्यकर्ताओं की सामूहिक शक्ति ही जीत का सबसे बड़ा आधार होती है।

डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ आधारित संगठन है। यदि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ को मजबूत बनाने का संकल्प लेकर पूरी निष्ठा और समर्पण से कार्य करेगा तो दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक विजय सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि समय बहुत कम है, इसलिए हर कार्यकर्ता को पूरी ऊर्जा और उत्साह के साथ चुनावी अभियान में जुटना होगा।
बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने का दिया निर्देश
प्रदेश प्रभारी ने कहा कि प्रत्येक बूथ पर नए मतदाताओं से संपर्क स्थापित करना, मतदाता सूची का गहन परीक्षण करना, सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंचना तथा घर-घर संपर्क अभियान को गति देना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि पूरे वर्ष जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान का प्रयास करता है। यही भाजपा की कार्य संस्कृति है और यही संगठन की सबसे बड़ी पहचान भी है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि केंद्र सरकार और मध्यप्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी हर परिवार तक पहुंचाई जाए, ताकि जनता सरकार की उपलब्धियों से सीधे जुड़ सके।
युवा शक्ति निभाएगी निर्णायक भूमिका
बैठक में डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि किसी भी चुनाव में युवा शक्ति निर्णायक भूमिका निभाती है। उन्होंने युवा मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया, जनसंपर्क, घर-घर संपर्क, मतदाता संवाद और बूथ प्रबंधन जैसे सभी क्षेत्रों में पूरी सक्रियता से कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने विशेष रूप से पहली बार मतदान करने वाले युवाओं तक पहुंच बनाने पर जोर देते हुए कहा कि उन्हें विकसित भारत के संकल्प और प्रदेश सरकार के विकास कार्यों से जोड़ना आवश्यक है। युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में भागीदार बनाना भाजपा की प्राथमिकता है।
मोदी और मोहन सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान
प्रदेश प्रभारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और वैश्विक स्तर पर नई पहचान स्थापित की है। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाना प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता का दायित्व है। कार्यकर्ताओं को सकारात्मक संवाद के माध्यम से जनता का विश्वास और अधिक मजबूत करना चाहिए तथा प्रत्येक मतदाता से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित करना चाहिए।
अनुशासन और समन्वय ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत
डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि भाजपा अनुशासन, समर्पण और सेवा की भावना से कार्य करने वाला संगठन है। चुनाव अभियान के दौरान मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक बेहतर समन्वय बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक बूथ पर वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से नियमित संवाद, लाभार्थी परिवारों से संपर्क तथा मतदान दिवस की सूक्ष्म कार्ययोजना पहले से तैयार रखी जाए।
उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं का उत्साह ही भाजपा की सबसे बड़ी पूंजी है। यदि हर कार्यकर्ता अपने बूथ पर जीत सुनिश्चित करने का लक्ष्य लेकर कार्य करेगा तो दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा को प्रचंड विजय प्राप्त होगी।
आशुतोष तिवारी की ऐतिहासिक जीत का किया आह्वान
बैठक के अंत में प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने युवा मोर्चा के सभी पदाधिकारियों एवं विस्तारकों से पूरे जोश, उत्साह और समर्पण के साथ चुनाव मैदान में उतरने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं की मेहनत और बूथ स्तर की मजबूत रणनीति के बल पर भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी की ऐतिहासिक विजय सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में संगठनात्मक रणनीति, बूथ प्रबंधन, मतदाता संपर्क अभियान और चुनावी गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। युवा मोर्चा के पदाधिकारियों और विस्तारकों ने भी संगठन द्वारा दिए गए दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने तथा दतिया उपचुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

रिपोर्टर : नितिन कुमार दांतरे

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.