बसई में गरजे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, बोले— कांग्रेस भ्रम फैलाने वाली पार्टी
दतिया - विधानसभा उपचुनाव के प्रचार ने रविवार को उस समय नई गति पकड़ ली,जब केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दतिया के बसई में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित किया,जनसभा में बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए चौहान ने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया तथा कांग्रेस पर तीखे राजनीतिक हमले किए,उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राजनीति को सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि जनता की सेवा और राष्ट्र निर्माण का संकल्प मानती है,उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के निर्माण की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है, वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास की नई ऊँचाइयों को छू रहा है। चौहान ने दावा किया कि दतिया विधानसभा क्षेत्र में इस बार कमल का खिलना तय है और भाजपा की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित होगी।कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पर भी साधा निशाना,अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष की ही अपनी पार्टी में कोई पूछ-परख नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भ्रम फैलाने की राजनीति करती है और ऐसी पार्टी जनता का भला नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र के पुनर्निर्माण, गरीबों के कल्याण और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के उद्देश्य से कार्य करता है।कांग्रेस शासन में डाकुओं का आतंक था, चौहान ने मध्यप्रदेश के पूर्व कांग्रेस शासन का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2003 से पहले दतिया, शिवपुरी और पूरे ग्वालियर-चंबल अंचल में डकैतों का आतंक था। शाम होते ही लोग घरों से निकलने में डरते थे और अपहरण एक तरह का उद्योग बन गया था,उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने स्पष्ट कहा था कि "मध्यप्रदेश की धरती पर या तो डाकू रहेंगे या शिवराज सिंह चौहान।" इसके बाद एक वर्ष के भीतर डकैतों का सफाया कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में अपराधियों को संरक्षण मिलता था और प्रदेश की कानून व्यवस्था बदहाल थी,मोदी और मोहन यादव के नेतृत्व में विकास को मिली नई रफ्तार,केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकारों ने प्रदेश में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए हैं,उन्होंने कहा कि आज दतिया में मेडिकल कॉलेज, वेटरनरी कॉलेज और फिशरीज कॉलेज जैसी संस्थाएं स्थापित हुई हैं, जो पहले केवल कल्पना भर थीं।उन्होंने कहा कि मां पीतांबरा मंदिर क्षेत्र का विकास, बसई में कॉलेज की स्थापना और अस्पतालों का उन्नयन भाजपा सरकार की विकासवादी सोच का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के विधायक के कार्यकाल में कई विकास कार्यों की गति प्रभावित हुई।गरीबों के लिए आवास और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मध्यप्रदेश में लाखों गरीब परिवारों को पक्के मकान स्वीकृत किए गए हैं और अब नए पात्र हितग्राहियों के लिए भी आवास उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बसई क्षेत्र के पात्र परिवारों को भी योजना का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अब केवल लाड़ली बहना योजना तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाकर "लखपति दीदी " बनाना है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार का लक्ष्य देश में करोड़ों महिलाओं की वार्षिक आय एक लाख रुपये से अधिक सुनिश्चित करना है,वीबी-जी राम योजना गांवों के लिए बनेगी वरदान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई विकसित भारत जी-राम जी योजना ग्रामीण विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत देशभर में इस वर्ष 1 लाख 51 हजार 282 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जबकि मध्यप्रदेश को लगभग 6,500 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं।उन्होंने कहा कि उनके अनुमान के अनुसार दतिया विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक ग्राम पंचायत को अगले पांच वर्षों में औसतन लगभग ढाई करोड़ रुपये तक की राशि मिल सकती है, जिससे गांवों में सड़क, पेयजल, आधारभूत सुविधाओं और अन्य विकास कार्यों को गति मिलेगी,कृषि विकास और सिंचाई योजनाओं पर भी दिया जोर चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए दलहन मिशन, तिलहन मिशन और बागवानी आधारित खेती को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि जिन गांवों तक अभी नहर का पानी नहीं पहुंचा है, वहां भी सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार कार्य कर रही है और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा की गई घोषणाओं को शीघ्र पूरा किया जाएगा।आशुतोष तिवारी के पक्ष में मांगे वोट,केंद्रीय मंत्री ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा संगठन और समाज के लिए निष्ठापूर्वक कार्य किया है। संगठन मंत्री के रूप में उन्होंने कई क्षेत्रों में भाजपा को मजबूत किया और हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष रहते हुए अपनी प्रशासनिक क्षमता का परिचय दिया।उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि 30 जुलाई को कमल के फूल का बटन दबाकर भाजपा को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाएं, ताकि दतिया के विकास को नई गति मिल सके।प्रहलाद सिंह पटेल ने भी भाजपा के पक्ष में किया,आह्वान,मध्यप्रदेश शासन के मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि दतिया के मतदाताओं को दोबारा अपने प्रतिनिधि चुनने का अवसर मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायक ने पिछले ढाई वर्षों में क्षेत्र के विकास के लिए अपेक्षित प्रयास नहीं किए,उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करती है और भविष्य में भी दतिया के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।ये नेता रहे उपस्थित,जनसभा में मध्यप्रदेश शासन के मंत्री ऐदल सिंह कंषाना, धर्मेंद्र लोधी, गौतम टेटवाल, ग्वालियर सांसद एवं दतिया उपचुनाव प्रभारी भारत सिंह कुशवाह, संभाग प्रभारी अभयप्रताप सिंह यादव , भाजपा जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह, विधायक प्रीतम लोधी, केशव बघेल, पूर्व मंत्री सुरेश राठखेड़ा, श्यामसुंदर यादव, भैया साहब लोधी, प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक घनश्याम पिरोनिया, शिवपुरी जिला अध्यक्ष जसमंत सिंह जाटव, प्रेमसिंह राजपूत सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्टर - नितिन कुमार दांतरे
No Previous Comments found.