सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ रील बनाना पड़ा महंगा, सेवढ़ा पुलिस ने युवक को हथियार समेत किया गिरफ्तार
दतिया : जिले में अवैध हथियारों के निर्माण, बिक्री, परिवहन एवं अवैध रूप से हथियार रखने वालों के विरुद्ध पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना सेवढ़ा पुलिस ने सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ रील बनाने वाले एक युवक को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हथियार बरामद कर उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दतिया मयूर खंडेलवाल के निर्देशन में जिले में अवैध हथियारों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत की गई। कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दतिया मंजीत सिंह चावला एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सेवढ़ा दिव्या राजावत के मार्गदर्शन में थाना सेवढ़ा पुलिस टीम द्वारा सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखते हुए संबंधित युवक की पहचान की गई।
पुलिस ने सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ रील बनाने वाले युवक सोनू व्यास पुत्र रामकुमार व्यास, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम रनियापुरा, थाना सेवढ़ा को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध हथियार जब्त किया। पूछताछ के दौरान आरोपी से हथियार रखने के संबंध में वैध लाइसेंस प्रस्तुत करने के लिए कहा गया, लेकिन उसके पास हथियार रखने का कोई वैध लाइसेंस नहीं पाया गया।
इसके बाद थाना सेवढ़ा पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 25(1-A) आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। पुलिस द्वारा यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी के पास उक्त हथियार कहां से आया तथा सोशल मीडिया पर हथियार के प्रदर्शन के पीछे उसकी क्या मंशा थी।
सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन पर पुलिस की नजर
पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने, हथियारों के साथ फोटो एवं वीडियो अपलोड करने तथा रील बनाकर उन्हें प्रसारित करने वाले लोगों की गतिविधियों पर भी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन युवाओं एवं आमजन के बीच गलत संदेश पहुंचा सकता है। ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।
अवैध हथियार रखने के मामले में सेवढ़ा पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि पुलिस द्वारा क्षेत्र में हथियारों के अवैध उपयोग और प्रदर्शन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि वे अवैध हथियारों से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी पुलिस को दें और सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने से बचें।
पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी सेवढ़ा उप निरीक्षक राजीव विरथरे, सउनि प्रेमसिंह इदौरिया सहित हमराह पुलिस बल की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही। पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर मामले की आगे की जांच की जा रही है।
रिपोर्टर : नितिन कुमार दांतरे

No Previous Comments found.