लाड़ली लक्ष्मी योजना को लेकर विधायक घनश्याम सिंह का भाजपा सरकार पर हमला
दतिया : ग्राम जिगना की हरिजन बस्ती में आयोजित आभार सभा में दतिया विधायक घनश्याम सिंह ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर लाड़ली लक्ष्मी योजना सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर निशाना साधा। विधायक सिंह ने आरोप लगाया कि लाड़ली लक्ष्मी योजना महिलाओं के लिए भाजपा का चुनावी प्रलोभन थी और भाजपा को इसका चुनावी लाभ भी मिला। उन्होंने कहा कि अब सरकार इस योजना से अपना पिंड छुड़ाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जांच के नाम पर तथा 60 वर्ष से अधिक उम्र होने के आधार पर योजना से महिलाओं के नाम काटे जा रहे हैं और नए नाम जोड़ने की प्रक्रिया भी प्रभावित हो रही है।
विधायक घनश्याम सिंह ने आभार सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा झूठ बोलकर जनता का वोट हासिल करती है और चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा नहीं करती। उन्होंने भाजपा को गरीब एवं कमजोर वर्गों के हितों के विपरीत काम करने वाली पार्टी बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से आम जनता प्रभावित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पूंजीपतियों की हितैषी है और विशेष रूप से अडानी-अंबानी के प्रति सरकार की नीतियों में अधिक मेहरबानी दिखाई देती है।
संविधान और आरक्षण को लेकर भी भाजपा पर लगाए आरोप
सभा में विधायक घनश्याम सिंह ने संविधान निर्माण और सामाजिक न्याय के मुद्दे पर भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश की आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और आजाद भारत की अंतरिम सरकार में प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर को भारत के संविधान निर्माण की जिम्मेदारी दी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मंशा थी कि समाज के शोषित, वंचित और कमजोर वर्गों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए संविधान में उचित प्रावधान किए जाएं। इसी उद्देश्य से संविधान में आरक्षण सहित सामाजिक एवं संवैधानिक अधिकारों का प्रावधान किया गया। विधायक ने कहा कि आरक्षण का लाभ लेकर दलित एवं कमजोर वर्गों के अनेक लोग शिक्षा प्राप्त कर बड़े पदों तथा विभिन्न नौकरियों तक पहुंचे हैं।
विधायक सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार संविधान को बदलना चाहती है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली सरकार के समय संविधान समीक्षा आयोग गठित करने का प्रस्ताव सामने आया था। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और उपस्थित ग्रामीणों से संविधान एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए कांग्रेस को मजबूत करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने धर्म और जाति के नाम पर समाज को बांटने वाली राजनीति से दूर रहने की बात कही।
उपचुनाव में समर्थन के लिए ग्रामीणों का जताया आभार
आभार सभा के दौरान विधायक घनश्याम सिंह ने दतिया विधानसभा उपचुनाव में ग्राम जिगना से कांग्रेस को मिले समर्थन के लिए ग्रामवासियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने चुनाव के दौरान जो विश्वास और समर्थन कांग्रेस के प्रति व्यक्त किया, उसके लिए वे सदैव आभारी रहेंगे।
विधायक ने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी प्राथमिकता क्षेत्र की जनता की समस्याओं को सुनना और उनके निराकरण के लिए संबंधित स्तर पर कार्रवाई कराना है। इसी क्रम में उन्होंने कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित मामलों में उचित निराकरण की कार्रवाई का आश्वासन दिया।
रविदास सामुदायिक भवन की मांग रखी
आभार सभा के दौरान ग्रामीणों ने ग्राम में रविदास सामुदायिक भवन निर्माण की मांग विधायक के समक्ष रखी। ग्रामीणों ने बताया कि सामुदायिक कार्यक्रमों एवं सामाजिक आयोजनों के लिए भवन की आवश्यकता है। विधायक घनश्याम सिंह ने ग्रामीणों की मांग को गंभीरता से सुनते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
फूल-मालाओं से किया विधायक का स्वागत
कार्यक्रम के दौरान विधायक घनश्याम सिंह का ग्रामीणों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा फूल-मालाएं पहनाकर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम का आयोजन एवं संचालन संतोष अहिरवार ने किया।
इस अवसर पर बड़ौनी नगर ब्लॉक अध्यक्ष रवि यादव, पूर्व शहर ब्लॉक अध्यक्ष दीपेंद्र पुरोहित, जितेंद्र सिंह पठारी सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में रामदास अहिरवार, कमल अहिरवार, डब्बूराम प्रजापति, प्रकाश अहिरवार, दौलत अहिरवार, रमेश चंद्र अहिरवार, रवि अहिरवार, प्रदीप अहिरवार, विजय गौतम, मुकेश आदिवासी, मुन्ना लाल सेन, मैथली प्रजापति सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
विधायक घनश्याम सिंह के साथ प्रमुख रूप से केशव सिंह पटेल डांग करैरा, पूर्व जनपद अध्यक्ष अशोक दांगी, पूर्व शहर ब्लॉक अध्यक्ष दीपेंद्र पुरोहित, जितेंद्र सिंह पठारी, धर्मेंद्र सिंह परमार, केपी यादव, नीरज शर्मा, राजू विदुआ, शिशुपाल सिंह बघेल, नीतू राजा बड़ौनी, जीतू राजा, रामू बैध, बन्दू राजा जिगना तथा मोहित राजा बुन्देला सलैया पंवार सहित कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
रिपोर्टर : नितिन कुमार दांतरे

No Previous Comments found.