विधायक राहुल कुल के प्रयासों को मिली सफलता, EMU लोकल समेत कई मांगों पर सकारात्मक आश्वासन

दौंड - पुणे रेल मार्ग पर यात्रियों की लंबे समय से लंबित विभिन्न समस्याओं को लेकर विधायक राहुल कुल ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान मावल लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्रीरंग बारणे भी उपस्थित रहे। इससे पहले इन मांगों को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को ज्ञापन सौंपा गया था। मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वयं रेल मंत्री से संपर्क किया तथा पत्राचार भी किया। इसके बाद आयोजित बैठक में दौंड–पुणे रेल मार्ग पर यात्रियों को होने वाली दैनिक परेशानियों, बढ़ती भीड़ तथा आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।

बैठक में वर्तमान में संचालित DEMU और MEMU ट्रेनों के स्थान पर अधिक क्षमता वाली तेज EMU लोकल सेवा शुरू करने की प्रमुख मांग रखी गई। साथ ही महिलाओं, दिव्यांग यात्रियों तथा प्रथम श्रेणी के यात्रियों के लिए अलग डिब्बों की व्यवस्था करने का भी अनुरोध किया गया। इसके अलावा पुणे–सोलापुर–वाडी रेल मार्ग के तीसरे एवं चौथे ट्रैक (फोर-लाइनिंग) के कार्य को युद्धस्तर पर पूरा करने, DEMU/MEMU ट्रेनों में बार-बार आने वाली तकनीकी खराबियों को रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था करने तथा दौंड स्थित इलेक्ट्रिक लोको शेड के निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग भी की गई। बैठक में यह भी मांग रखी गई कि सुबह 6 बजे दौंड से चलने वाली DEMU ट्रेन, जो वर्तमान में हडपसर तक जाती है, उसे पुणे जंक्शन तक बढ़ाया जाए। साथ ही सुबह और शाम के व्यस्त समय में अतिरिक्त ट्रेन सेवाएं शुरू करने तथा सुबह 8:20 बजे से शाम 5:00 बजे के बीच नई रेल सेवाएं उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया।

बैठक के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने EMU लोकल सेवा की मांग पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने तथा दौंड–पुणे रेल मार्ग के चौपदरीकरण (तीसरे और चौथे ट्रैक) के कार्य को गति देने का सकारात्मक आश्वासन दिया।

विधायक राहुल कुल ने कहा कि दौंड–पुणे रेल कॉरिडोर इस क्षेत्र के सामाजिक, औद्योगिक और आर्थिक विकास की रीढ़ है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के प्रभावी प्रयासों और निरंतर फॉलो-अप के कारण इन सभी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय होने की पूरी उम्मीद है।

रिपोर्टर : प्रमोद दत्तात्रय काकडे

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.