मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर खिलाड़ियों को किया सम्मानित

देहरादून : मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर देहरादून स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया तथा उपस्थित खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ दिलाई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ओलंपिक दिवस केवल खेल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समर्पण, अनुशासन, एकता और राष्ट्रीय गौरव के मूल्यों का उत्सव है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल संस्कृति को सशक्त बनाने के लिए अभूतपूर्व प्रयास किए गए हैं। भारत अब वैश्विक खेल मंचों पर एक प्रमुख शक्ति के रूप में उभर रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2023 के एशियाई खेलों में भारत ने 107 पदक जीतकर ऐतिहासिक प्रदर्शन किया, जबकि टोक्यो ओलंपिक 2020 के लिए भारत के 126 खिलाड़ियों ने क्वालिफाई किया। यह देश में मजबूत खेल पारिस्थितिकी तंत्र का प्रमाण है।

राज्य स्तर पर उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार प्रदेश को 'खेलभूमि' के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। हाल ही में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखण्ड के खिलाड़ियों ने 103 पदक प्राप्त कर राज्य को गौरवांवित किया है।

प्रदेश में खेल संरचना को सुदृढ़ करने हेतु आठ प्रमुख नगरों में 23 खेल अकादमियों की स्थापना, हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना हेतु कार्य प्रगति पर है।

राज्य की नई खेल नीति के तहत खिलाड़ियों के लिए निम्न योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं:

पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी।

खेल भत्ता, 'उत्तराखण्ड खेल रत्न' एवं 'हिमालय खेल रत्न' पुरस्कार।

राजकीय सेवाओं में 4% खेल कोटा।

मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के अंतर्गत 3,900 खिलाड़ियों को और
मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत 2,155 खिलाड़ियों को डीबीटी के माध्यम से प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है।

इस अवसर पर खेल मंत्री श्रीमती रेखा आर्या, विशेष प्रमुख सचिव खेल श्री अमित सिन्हा, अपर निदेशक खेल श्री अजय अग्रवाल सहित खेल विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : प्रवचन सिंह 
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.