रायपुर क्षेत्र में मेडिकल स्टोर्स पर संयुक्त छापेमारी
देहरादून - उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून के निर्देश पर "Safe Drugs: Safe Life" अभियान के तहत ड्रग विभाग और DLSA की संयुक्त टीम ने रायपुर क्षेत्र के मेडिकल स्टोर्स पर औचक निरीक्षण किया। टीम का नेतृत्व सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून श्रीमती सीमा डुँगराकोटी ने किया। निरीक्षण में वरिष्ठ औषधि निरीक्षक श्री मनेन्द्र सिंह राणा और औषधि निरीक्षक श्री विनोद जगुड़ी शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान कई मेडिकल स्टोर्स में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं — जैसे फॉर्मासिस्ट की अनुपस्थिति, एक्सपायर दवाइयां, कटी हुई दवाइयां, कोल्ड स्टोरेज में तापमान डिस्प्ले का अभाव, नारकोटिक्स का गलत तरीके से रखा जाना और बिल/रिकॉर्ड प्रबंधन में भारी लापरवाही।
कोठारी मेडिकल स्टोर बंद
कोठारी मेडिकल स्टोर में भारी अव्यवस्था, एक्सपायर दवाइयां, तापमान डिस्प्ले का अभाव, नारकोटिक्स का गलत भंडारण और रिकॉर्ड न मिलने के कारण टीम ने स्टोर को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया। स्टोर पर जवाबतलब नोटिस जारी किया गया है और संतोषजनक स्पष्टीकरण न मिलने पर लाइसेंस रद्द करने की चेतावनी दी गई है।
गिरी मेडिकोज पर कार्रवाई
गिरी मेडिकोज में निरीक्षण के समय फॉर्मासिस्ट मौजूद नहीं थी। एक्सपायर दवाइयों को घर पर नष्ट करने की गलत प्रक्रिया अपनाई जा रही थी। टीम ने स्टोर को बंद कराते हुए एक्सपायर दवाइयां एमपीसीसी को सौंपने व अन्य अनियमितताओं पर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए।
देवभूमि मेडिकोज भी सील
देवभूमि मेडिकोज में न तो फॉर्मासिस्ट मिले और न ही कोई सीसीटीवी कैमरा। एक्सपायर दवाइयों का सही स्टोरेज भी नहीं मिला। टीम ने स्टोर को बंद कराते हुए नोटिस जारी किया। सिद्धेश्वरी मेडिकोज पहले से बंद, फिर भी अधूरी सुधार प्रक्रिया
पूर्व में पाई गई अनियमितताओं के कारण पहले से बंद Siddheshwari Medicos ने अभी तक सभी सुधार नहीं किए थे। टीम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अनियमितताएं दूर होने के बाद ही स्टोर खोला जाएगा। एम.एस. मेडिकल हॉल को मिली चेतावनी
एम.एस. मेडिकल हॉल में अपेक्षाकृत बेहतर स्थिति मिली — तापमान डिस्प्ले, सीसीटीवी और रिकॉर्ड प्रबंधन उचित पाए गए। कुछ एक्सपायर दवाइयों को हटाने और स्वच्छता सुधारने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण की भनक लगते ही कई स्टोर बंद
रायपुर क्षेत्र के अन्य मेडिकल स्टोर — विश्वेश्वरी मेमोरियल, हिमालयन मेडिकोज, न्यू दून मेडिकल स्टोर, सकलानी मेडिकल स्टोर, जनता मेडिकल स्टोर — निरीक्षण की जानकारी मिलते ही अचानक बंद पाए गए, जिसके बाद टीम ने उनकी विश्वसनीयता पर सवाल उठाए। हर माह होगी संयुक्त कार्रवाई जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और ड्रग विभाग द्वारा प्रत्येक माह इस प्रकार के संयुक्त औचक निरीक्षण किए जाएंगे ताकि आमजन तक सुरक्षित और सही गुणवत्ता की दवाएं उपलब्ध हो सकें। अनियमितताओं पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
संवाददाता - प्रवचन सिंह


No Previous Comments found.