ऋषिकेश में दिव्यांगजनों के लिए बनेगा आधुनिक इंडोर बैडमिंटन हॉल, 62.67 लाख की स्वीकृति
देहरादून : जनपद देहरादून में दिव्यांगजनों के लिए खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक अहम पहल की गई है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशन में ऋषिकेश क्षेत्र में राज्य का पहला आधुनिक इंडोर बैडमिंटन हॉल निर्माणाधीन है, जिसका कार्य शुरू हो चुका है। जिला प्रशासन ने इस परियोजना के लिए जिला खनिज फाउंडेशन (DMF) मद से कुल 62.67 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इसमें से 25.41 लाख रुपये की पहली किस्त नगर निगम ऋषिकेश को पहले ही जारी की जा चुकी है, जबकि शेष 37.26 लाख रुपये की राशि को भी मंजूरी दे दी गई है।
प्रशासन का कहना है कि इस पहल से मेधावी दिव्यांग खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्राप्त होगा। इससे अब तक संसाधनों के अभाव में पीछे रह रहे खिलाड़ी राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकेंगे।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि दिव्यांगजनों के लिए बुनियादी सुविधाओं का विकास प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। यह इंडोर बैडमिंटन हॉल उनके शारीरिक विकास के साथ-साथ उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में भी सहायक होगा।
जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जाएगा, ताकि दिव्यांगजनों को जल्द से जल्द इस सुविधा का लाभ मिल सके।
रिपोर्टर : प्रवचन सिंह


No Previous Comments found.