देहरादून में महिला कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस ने ज्योति रौतेला समेत कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया

देहरादून - मंगलवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम ज्ञापन देने जा रहे थे। पुलिस ने कारगी आईएसबीटी रोड स्थित मध्य ब्राह्मणवाला चौक पर बैरिकेडिंग कर जुलूस को रोक दिया। रोकने के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जो कुछ देर में झड़प में बदल गई। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने “प्रधानमंत्री गो बैक” के नारे लगाते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने ज्योति रौतेला समेत सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया। इस दौरान ज्योति रौतेला ने राज्य और केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब है और आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अब तक पीड़ित परिवार को पूरा न्याय नहीं मिला है और सीबीआई जांच में हो रही देरी से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

महिला कांग्रेस ने प्रदेश में बढ़ते महिला अपराधों, निजी स्कूलों की फीस वृद्धि, अवैध खनन, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को भी उठाया। रौतेला ने कहा कि युवा पलायन को मजबूर हैं और एलपीजी गैस की कमी से आम जनता के साथ पर्यटन कारोबार भी प्रभावित हो रहा है, जो चारधाम यात्रा से पहले चिंता का विषय है। उन्होंने पहाड़ी और ग्रामीण इलाकों में बढ़ते वन्यजीव हमलों को भी गंभीर समस्या बताते हुए सरकार से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो महिला कांग्रेस प्रदेशभर में उग्र आंदोलन करेगी। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस पदाधिकारी और स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

संवाददाता - प्रवचन सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.