डीएम आशीष चौहान के निर्देशो से SIR-2026 अभियान में देहरादून की बड़ी उपलब्धि,100% गणना प्रपत्र वितरण और 86.34% डिजिटाइजेशन पूरा
देहरादून : भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत देहरादून जनपद ने उल्लेखनीय प्रगति हासिल की है। जनपद में मतदाताओं को गणना प्रपत्रों का 100 प्रतिशत वितरण पूरा कर लिया गया है, जबकि 86.34 प्रतिशत प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन भी पूर्ण हो चुका है।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में जिला कार्यालय स्थित ऋषिपर्णा सभागार में अभियान की प्रगति की समीक्षा को लेकर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने बताया कि 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण किया जा रहा है। इसके अंतर्गत 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित और एकत्रित किए जा रहे हैं।
जनपद में कुल 13,76,813 मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। इनमें से 11,88,720 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है, जो कुल का 86.34 प्रतिशत है। शेष प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन और सत्यापन का कार्य तेजी से जारी है।
समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने विधानसभावार प्रगति का आकलन करते हुए निर्देश दिए कि जिन मतदाताओं के प्रपत्र अभी प्राप्त नहीं हुए हैं, उनके घरों पर पुनः संपर्क स्थापित कर गणना प्रपत्र भरवाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बीएलओ और सुपरवाइजरों को नियमित रूप से फील्ड में रहकर कार्यों की निगरानी करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में यह भी बताया गया कि अप्राप्त प्रपत्रों के मामलों को मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित, अनुपस्थित, पूर्व से पंजीकृत तथा अन्य श्रेणियों में वर्गीकृत किया गया है। ऐसे सभी मामलों का पुनः सत्यापन किया जा रहा है तथा आवश्यकता पड़ने पर बीएलए-2 का सहयोग भी लिया जा रहा है।
डॉ. चौहान ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से अभियान में सक्रिय सहयोग दें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और शुद्धता बनाए रखने के लिए सभी विभागों और राजनीतिक दलों के बीच समन्वय आवश्यक है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र देवली सहित भाजपा के अरविंद जैन, सीपीआई (एम) के अनंत आकाश, बसपा के सत्येंद्र चौपड़ा और आम आदमी पार्टी के कमल राणा समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : प्रवचन
No Previous Comments found.