सड़क सुरक्षा पर डीएम का बड़ा एक्शन, ब्लैक स्पॉट होंगे सुरक्षित, ओवरलोडिंग और ड्रंक एंड ड्राइव पर सख्ती

देहरादून - जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी डॉ.आशीष चौहान ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कई अहम निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की भी साझा जिम्मेदारी है। सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करते हुए दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने होंगे। ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित बैठक में डीएम ने जनपद के सभी ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित स्थलों का विस्तृत सर्वे कर तत्काल सुधार कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। संवेदनशील स्थानों पर स्ट्रीट लाइट, संकेतक बोर्ड, सीसीटीवी, रंबल स्ट्रिप, स्पीड डिस्प्ले बोर्ड और अन्य सुरक्षा उपायों को निर्धारित मानकों के अनुरूप विकसित करने को कहा गया। साथ ही सभी अनधिकृत मीडियन क्रॉसिंग तत्काल बंद करने के निर्देश दिए।

डीएम ने बरसात से क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत, जलभराव रोकने के लिए ड्रेनेज सिस्टम मजबूत करने तथा बरसात के बाद रिपेयर कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश भी दिए। एनएचएआई को आशारोड़ी से डाटकाली टनल तक सड़क चौड़ीकरण, स्ट्रीट लाइट और अन्य सुरक्षा कार्य प्राथमिकता से शुरू करने को कहा गया। बैठक में परिवहन विभाग को ओवरलोडिंग, अनफिट वाहनों और ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा प्रत्येक सड़क दुर्घटना का तकनीकी,सामाजिक और आर्थिक विश्लेषण कराने तथा दुर्घटना के कारणों के आधार पर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने को कहा गया। जिलाधिकारी ने स्कूल बसों और अन्य विद्यालयी वाहनों की नियमित फिटनेस जांच, परमिट एवं दस्तावेजों का सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने और सीट बेल्ट का उपयोग न करने वालों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई करने पर जोर दिया। डॉ.आशीष चौहान ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी कार्यों की प्रगति की हर माह समीक्षा की जाएगी, ताकि निर्देशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित हो सके। बैठक में पुलिस, परिवहन, लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई, नगर निगम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

रिपोर्टर - प्रवचन सिंह 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.