सेब की अति सघन बागवानी का प्रशिक्षण लेंगे उत्तराखंड के 28 किसान

देहरादून - उत्तराखंड में सेब उत्पादन को बढ़ावा देने और किसानों को आधुनिक बागवानी तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से कृषि मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को हाथीबड़कला स्थित कैंप कार्यालय से देहरादून के 28 किसानों के दल को हिमाचल प्रदेश के लिए रवाना किया। किसान सोलन स्थित डॉ. वाईएस परमार यूनिवर्सिटी ऑफ हॉर्टिकल्चर एंड फॉरेस्ट्री में पांच दिवसीय प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। प्रशिक्षण के दौरान किसान सेब की अति सघन बागवानी, कटाई-छंटाई, पौध रोपण, उर्वरक प्रबंधन, जैविक खाद, बडिंग-ग्राफ्टिंग, पैकेजिंग और मार्केटिंग की आधुनिक तकनीकों की जानकारी हासिल करेंगे।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने और पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकने के लिए उच्च मूल्य वाली फसलों को प्रोत्साहित कर रही है। प्रदेश में 808.79 करोड़ रुपये की लागत से सेब की अति सघन बागवानी योजना संचालित की जा रही है, जिसके तहत 5,000 हेक्टेयर क्षेत्र में सेब के बाग विकसित करने का लक्ष्य है। योजना में किसानों को 60 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सेब तुड़ाई के बाद बेहतर प्रबंधन के लिए 144.55 करोड़ रुपये की लागत से सीए स्टोरेज और सॉर्टिंग-ग्रेडिंग इकाइयां स्थापित की जा रही हैं। इसके अलावा 80 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक सेब नर्सरी विकसित करने की योजना है। मंत्री ने कहा कि किसानों को आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के साथ पर्वतीय क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएंगे। भविष्य में कीवी उत्पादन और मधुमक्खी पालन जैसे क्षेत्रों में भी किसानों को प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। इस अवसर पर सरकार में दायित्वधारी ज्योति कोटिया, संध्या थापा और मुख्य उद्यान अधिकारी डॉ. डीके तिवारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

संवाददाता - प्रवचन सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.