धस्माना ने श्री दरबार साहिब में टेका माथा, महंत देवेंद्र दास जी महाराज से लिया आशीर्वाद
देहरादून - कांग्रेस प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं एआईसीसी सदस्य सूर्यकांत धस्माना ने श्री झंडा साहिब स्थित ऐतिहासिक श्री दरबार साहिब पहुंचकर माथा टेका और सज्जादानशीन महंत देवेंद्र दास जी महाराज से भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान प्रदेश की शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर दोनों के बीच विस्तृत चर्चा हुई। महंत देवेंद्र दास जी महाराज ने बताया कि श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में कैंसर विभाग का रेडिएशन ब्लॉक निर्माण के अंतिम चरण में है। इसके पूरा होने के बाद अस्पताल में कैंसर उपचार की सुविधाओं का और विस्तार होगा। उन्होंने कैंसर के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट तथा यूरिया और पेस्टिसाइड के अत्यधिक इस्तेमाल को गंभीर चिंता का विषय बताया।
इस अवसर पर सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में जो काम सरकारें नहीं कर पा रही हैं, वह कार्य श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल और एसजीआरआर संस्थान कर रहे हैं। इसके बाद धस्माना ने दरबार साहिब की गौशाला का भ्रमण किया और हाल ही में लाई गई गिर नस्ल की गायों को देखा। उन्होंने गौ-सेवा के कार्यों की सराहना की। साथ ही लंगर हॉल का निरीक्षण कर वहां संचालित निशुल्क अन्न सेवा व्यवस्था को मानवता की सच्ची सेवा बताया।
संवाददाता - प्रवचन सिंह

No Previous Comments found.