भाजपा सरकार के खिलाफ कैंट में कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान, सूर्यकांत धस्माना बोले- उत्तराखंड बना देश का सबसे भ्रष्ट राज्य

देहरादून - उत्तराखंड में भाजपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी हस्ताक्षर अभियान के तहत कैंट विधानसभा क्षेत्र में अभियान की शुरुआत की। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने अभियान का शुभारंभ करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। धस्माना ने आरोप लगाया कि भाजपा के दस साल के शासन में उत्तराखंड भ्रष्टाचार के मामले में देश के सबसे खराब राज्यों में शामिल हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बिना लेन-देन के जायज काम होना मुश्किल हो गया है और भ्रष्टाचार की जड़ें सरकारी व्यवस्था में गहराई तक फैल चुकी हैं।

महिलाओं के खिलाफ अपराधों का मुद्दा उठाते हुए धस्माना ने अंकिता भंडारी हत्याकांड और हल्द्वानी में नाबालिग के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन मामलों में सत्ताधारी दल से जुड़े लोगों की संलिप्तता के आरोप सरकार की महिला सुरक्षा संबंधी नीतियों पर सवाल खड़े करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' के बजाय 'भाजपाइयों से बेटी बचाओ' का नारा गूंज रहा है।

उन्होंने बताया कि कांग्रेस का यह हस्ताक्षर अभियान पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है। आगामी 26 नवंबर को लाखों नागरिकों के हस्ताक्षरों से युक्त ज्ञापन राज्यपाल को सौंपा जाएगा। कैंट विधानसभा क्षेत्र में सोमवार को शाम पांच बजे प्रेमनगर बाजार चौक, मंगलवार को बल्लूपुर चौक और बुधवार को किशननगर चौक पर अभियान चलाया जाएगा।

कैंट विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी गुरजीत सिंह लहरी ने कहा कि कांग्रेस के अभियान को जनता का समर्थन मिल रहा है। वहीं महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने महिला सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि जब एक महिला मंत्री ही अपनी सुरक्षा को लेकर खतरा जता रही हैं, तो आम महिलाओं की सुरक्षा की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग अध्यक्ष अभिनव थापर, प्रदेश महासचिव नवीन जोशी, दिनेश कौशल, रीतेश छेत्री, पिया थापा, जगदीश धीमान, संग्राम सिंह पुंडीर, सुमित खन्ना, पार्षद संगीता गुप्ता, पार्षद अभिषेक तिवारी सहित कांग्रेस के विभिन्न पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

संवाददाता - प्रवचन सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.