पंचायत चुनावों के नतीजों से कांग्रेस में जश्न, 2027 की तैयारी में जुटी पार्टी

देहरादून : पंचायत चुनावों में उत्तराखंड के विभिन्न जिलों, विशेष रूप से देहरादून में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों की बड़ी जीत के बाद प्रदेश कांग्रेस में जश्न का माहौल है। राजधानी स्थित राजीव भवन में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर जोरदार नारेबाजी की और मिठाइयां बांटकर एक-दूसरे को जीत की बधाई दी।

इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना, और महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने न सिर्फ कार्यकर्ताओं बल्कि मौजूद मीडिया कर्मियों को भी मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया।

प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने कहा, "प्रदेश की जनता ने इस चुनाव में भाजपा के घमंड और सत्ता के दुरुपयोग का करारा जवाब दिया है। भाजपा सरकार ने निर्वाचन आयोग की आड़ लेकर चुनावी मर्यादाएं लांघी थीं, लेकिन जनता ने बैलेट पेपर से उन्हें सबक सिखा दिया।" उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुटने का आह्वान किया।

वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा, "पंचायत चुनावों में कांग्रेस को मिले जनसमर्थन से स्पष्ट है कि जनता बदलाव चाहती है। अगर कांग्रेस कार्यकर्ता इसी एकजुटता से काम करते रहें तो 2027 में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी।"

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. गोगी ने बताया कि "देहरादून की 30 जिला पंचायत सीटों में से कांग्रेस ने 16 पर जीत दर्ज की है, जो पार्टी के लिए गर्व की बात है। यह जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है।"

इस मौके पर कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें प्रदेश महासचिव नवीन जोशी, प्रदेश महामंत्री जगदीश धीमान, श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल, मीडिया सलाहकार सरदार अमरजीत सिंह, प्रवक्ता गिरिराज किशोर हिंदवाण, डॉ. प्रतिमा सिंह, आनंद सिंह पुंडीर, विपुल नौटियाल, विशाल मौर्य, देवेंद्र सिंह, अनिल बस्नेत, विजय शाही, मोहन काला, फरमान अली, मदन मोहन कोहली, राम गोपाल वर्मा आदि प्रमुख रहे।

रिपोर्टर : प्रवचन सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.