दून पुलिस की मुस्तैदी को आरटीओ ने किया सलाम, एसएसपी ने किया सम्मानित
देहरादून : दून पुलिस की कर्तव्यनिष्ठा और शालीन व्यवहार एक बार फिर चर्चा का विषय बना है। देर रात ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी से प्रभावित होकर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) संदीप सैनी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून को प्रशंसा पत्र भेजा है। आरटीओ ने अपने पत्र में बताया कि 11 अप्रैल की देर रात जब वे अपने परिवार के साथ घर लौट रहे थे, तब मसूरी डायवर्जन पर तैनात पुलिसकर्मी पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी कर रहे थे। उन्होंने न केवल अपने कर्तव्यों का निर्वहन बखूबी किया, बल्कि आम लोगों के प्रति उनका व्यवहार भी अत्यंत विनम्र और सकारात्मक रहा। देर रात के बावजूद पुलिसकर्मी पूरी ऊर्जा और मुस्कान के साथ डटे रहे, जिससे आमजन के बीच पुलिस के प्रति विश्वास और सम्मान और मजबूत हुआ। प्रशंसा पत्र का संज्ञान लेते हुए एसएसपी देहरादून ने उसी रात मसूरी डायवर्जन पर तैनात पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया। साथ ही अन्य पुलिसकर्मियों से भी अपेक्षा की कि वे ड्यूटी के दौरान शालीनता और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें, ताकि पुलिस की सकारात्मक छवि और मजबूत हो सके।
एसएसपी देहरादून ने आरटीओ संदीप सैनी को धन्यवाद देते हुए कहा कि दून पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए 24×7 पूरी मुस्तैदी से कार्य करती रहेगी। सम्मानित पुलिसकर्मी: उपनिरीक्षक दीपक द्विवेदी, हेड कांस्टेबल मनोज, हेड कांस्टेबल दिनेश प्रसाद और कांस्टेबल अंकित पंत।
रिपोर्टर : प्रवचन सिंह

No Previous Comments found.