वरिष्ठ वैज्ञानिक अनिरुद्ध शर्मा समेत चार पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज

देहरादून : राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र स्थित ATS हेवनली फूटहिल्स कॉलोनी का बहुचर्चित विवाद अब पूरी तरह कानूनी जंग में बदल गया है। लंबे समय से कॉलोनी में चल रहे तनाव और आरोप-प्रत्यारोप के बीच बिल्डर पार्टनर पुनीत अग्रवाल की शिकायत पर पुलिस ने वरिष्ठ वैज्ञानिक बताए जा रहे अनिरुद्ध शर्मा और उनके परिवार के चार सदस्यों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

मामले में दर्ज एफआईआर के बाद कॉलोनी में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। स्थानीय लोगों के बीच इस विवाद को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

चार लोगों को बनाया गया नामजद आरोपी

रायपुर थाने में दर्ज मुकदमे में अनिरुद्ध शर्मा, ईश्वरी प्रसाद शर्मा, श्रीमती हेमशिखा और श्रीमती सरोज को नामजद किया गया है। पुलिस ने मामला भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं के तहत दर्ज किया है।

शिकायत के अनुसार 13 अप्रैल 2026 को कॉलोनी परिसर में बोर्ड और पौधों को हटाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। शिकायतकर्ता पक्ष का आरोप है कि विरोध करने पर गाली-गलौज, मारपीट और घर में घुसकर गला दबाकर जान से मरने की कोशिश की गई 

पुनीत अग्रवाल ने लगाए गंभीर आरोप

बिल्डर पार्टनर पुनीत अग्रवाल का आरोप है कि आरोपियों ने जबरन कब्जे की बात कहते हुए विवाद किया और माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि विरोध करने पर उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के सदस्य के साथ भी हाथापाई की गई और घर में घुसकर  उनका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की गई। मामले में महिला के साथ अभद्रता और शीलभंग के प्रयास जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।

स्तुति अग्रवाल ने उठाई सुरक्षा की मांग

पुनीत अग्रवाल की पत्नी स्तुति अग्रवाल ने भी पुलिस और प्रशासन पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उन्होंने पहले रायपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी शिकायत दी।
स्तुति अग्रवाल के मुताबिक लगातार खतरे की आशंका के चलते परिवार काफी समय से डरा हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति की जान को खतरा है और किसी बड़ी घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने यह भी दावा किया कि घटना के दौरान उनके पति का गला दबाने की कोशिश की गई थी और बीच-बचाव के बाद स्थिति को नियंत्रित किया जा सका।

कोर्ट के आदेश के बाद दर्ज हुआ मुकदमा

जानकारी के अनुसार कार्रवाई नहीं होने पर शिकायतकर्ता पक्ष ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। अदालत ने मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस को निर्धारित समय सीमा के भीतर उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने और कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कोर्ट के निर्देश के बाद रायपुर थाने में एफआईआर दर्ज की गई। मामले की जांच उपनिरीक्षक नीमा को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जाएगी।

कॉलोनी में फिर बढ़ा तनाव

एफआईआर दर्ज होने के बाद ATS कॉलोनी में एक बार फिर तनाव का माहौल देखा जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक विवाद के चलते कुछ समय तक शिकायतकर्ता पक्ष ने सुरक्षा कारणों से अपने घर पर ताला तक लगा रखा था।
वहीं दूसरी ओर यह भी चर्चा है कि नामजद पक्ष की ओर से भी अपने स्तर पर कानूनी तैयारी की जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पहले भी विवादों में रही है ATS कॉलोनी

गौरतलब है कि ATS हेवनली फूटहिल्स कॉलोनी पहले भी कई विवादों को लेकर सुर्खियों में रही है। कॉलोनी में जमीन, कब्जे, निर्माण और आपसी विवादों को लेकर समय-समय पर तनाव की स्थिति बनती रही है।
अब वरिष्ठ वैज्ञानिक और बिल्डर के बीच बढ़ा यह विवाद एफआईआर और न्यायालय तक पहुंचने के बाद और अधिक संवेदनशील हो गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आने वाले दिनों में इस मामले में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

रिपोर्टर : प्रवचन सिंह 
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.