बंगाल से उत्तराखंड का विशेष सांस्कृतिक जुड़ाव, पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जा रही सरकार: सतपाल महाराज
देहरादून : उत्तराखंड के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड आज दुनिया भर के पर्यटकों के लिए एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य बनकर उभर रहा है। राज्य सरकार पर्यटन को केवल चारधाम यात्रा तक सीमित न रखकर साहसिक, ग्रामीण, सीमांत, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन के रूप में विकसित करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। शुक्रवार को कोलकाता के बिस्वा बांग्ला मेला प्रांगण में आयोजित ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर (TTF) में बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल हुए सतपाल महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में पर्यटन क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। उन्होंने बताया कि चमोली की नीति घाटी में आयोजित नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन और आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन जैसे आयोजनों ने सीमांत क्षेत्रों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
महाराज ने कहा कि टीटीएफ कोलकाता पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने और पूर्वी भारत के बड़े पर्यटन बाजारों तक पहुंच बनाने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड देश के उन पहले राज्यों में शामिल है जिसने चारधाम यात्रा में आधार आधारित प्रमाणिक पंजीकरण व्यवस्था को सफलतापूर्वक लागू किया है, जिससे श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनी है।
उन्होंने कहा कि बंगाल और पूर्वी भारत का उत्तराखंड से विशेष भावनात्मक और सांस्कृतिक संबंध रहा है। इसी कारण राज्य सरकार नियमित रूप से कोलकाता जैसे महत्वपूर्ण पर्यटन मंचों पर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करती है। उन्होंने ट्रैवल एजेंसियों और टूर ऑपरेटर्स से उत्तराखंड को एक समग्र पर्यटन अनुभव के रूप में प्रचारित करने का आह्वान किया।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने होटल और आतिथ्य क्षेत्र को प्रोत्साहित करने के लिए नई बेड एंड ब्रेकफास्ट नीति लागू की है। साथ ही, प्रदेश के 100 से अधिक ट्रैकिंग रूटों की जीपीएस मैपिंग का कार्य भी किया जा रहा है, जिससे उन्हें सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित किया जा सके।
कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के पर्यटन मंत्री, गोवा के पर्यटन मंत्री, थाईलैंड के महावाणिज्यदूत, छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष सहित पर्यटन उद्योग से जुड़े अनेक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : प्रवचन सिंह
No Previous Comments found.