चुनाव आयोग की गलती का खामियाजा मतदाता नहीं भुगतेगा, वैध वोटरों के नाम काटने की साजिश का लगाया आरोप

देहरादून : उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस ने चुनाव आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर बड़ा आंदोलन करने के संकेत दिए हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं एआईसीसी सदस्य सूर्यकांत धस्माना ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की त्रुटियों का खामियाजा मतदाताओं को नहीं भुगतना चाहिए और गैर-भाजपा विचारधारा वाले मतदाताओं के नाम चुन-चुनकर हटाने की साजिश की जा रही है।

धस्माना ने बताया कि पिछले दो दिनों में उन्होंने कैंट और धर्मपुर विधानसभा क्षेत्रों के कई वार्डों का दौरा कर उन लोगों से मुलाकात की, जिन्हें मतदाता सूची से संबंधित नोटिस मिले हैं या जिनके नाम काटे जाने की आशंका है। उन्होंने कांवली, इंदिरापुरम, गांधीग्राम, द्रोणपुरी, सीमाद्वार, मांजरा, ब्रह्मपुरी और ब्राह्मणवाला क्षेत्रों में लोगों की समस्याएं सुनीं।

उन्होंने कहा कि अधिकांश नोटिस माता-पिता और बच्चों की उम्र के अंतर, नामों की वर्तनी या नाम के साथ 'देवी', 'सिंह' और 'कुमार' जैसे शब्द जुड़े होने जैसी त्रुटियों के आधार पर दिए गए हैं। सीमाद्वार के शास्त्रीनगर निवासी श्रीमती अनिता दास का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वह पिछले 25 वर्षों से उसी मतदान केंद्र पर मतदान करती रही हैं, उनके बच्चों के नाम भी मतदाता सूची में दर्ज हैं, फिर भी उन्हें बिना स्पष्ट कारण के नोटिस जारी कर दिया गया।

धस्माना ने कहा कि कांग्रेस इस पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है। पार्टी के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) और स्थानीय नेता चुनाव आयोग की सुनवाई के दौरान प्रत्येक वैध मतदाता की सहायता करेंगे, ताकि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची से न कटे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि चुनाव आयोग सरकार या किसी राजनीतिक दबाव में आकर वैध मतदाताओं के नाम हटाने का प्रयास करता है, तो कांग्रेस इस मुद्दे पर सड़क से लेकर जनआंदोलन तक लड़ाई लड़ेगी।

इस दौरान जगदीश धीमान, अल्ताफ अहमद, शुभम सैनी, नन्हे, प्रवीण कश्यप और आनंद सिंह पुंडीर सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : प्रवचन सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.