SIR प्रक्रिया पर कांग्रेस की कड़ी निगरानी, प्रदेश मुख्यालय में कंट्रोल रूम शुरू
देहरादून- उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान मतदाताओं को जारी किए जा रहे नोटिसों के मद्देनज़र प्रदेशभर में जिला एवं महानगर स्तर पर 10-सदस्यीय एसआईआर निगरानी समितियों के गठन के निर्देश दिए हैं। पार्टी का कहना है कि इन समितियों का उद्देश्य पात्र मतदाताओं को आवश्यक सहयोग देना और यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची से न हटे।
इसी क्रम में सोमवार को देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में महामंत्री (संगठन) राजेंद्र भंडारी की उपस्थिति में एसआईआर कंट्रोल रूम का उद्घाटन किया गया।
राजेंद्र भंडारी ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी नोटिसों के कारण किसी भी नागरिक को अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए कांग्रेस संगठन प्रदेशभर में सक्रिय रहेगा। जिला एवं महानगर स्तर पर गठित समितियां प्रभावित मतदाताओं से संपर्क कर उन्हें मार्गदर्शन देंगी और एसआईआर प्रक्रिया से जुड़ी समस्याओं के समाधान में सहयोग करेंगी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम राज्यभर से प्राप्त शिकायतों और सूचनाओं का समन्वय करेगा तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित जिलों और निर्वाचन अधिकारियों के समक्ष मामलों को प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। कांग्रेस का कहना है कि उसका प्रयास है कि उत्तराखंड का कोई भी पात्र मतदाता अपने संवैधानिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी जिला एवं महानगर कांग्रेस समितियों से एसआईआर अभियान के दौरान सक्रिय रहकर अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचने और उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की अपील की है।
इस अवसर पर महासचिव राजेंद्र शाह, मुख्य प्रवक्ता गरिमा माहरा दसौनी, कंट्रोल रूम प्रभारी राकेश नेगी, संदीप चमोली, रितेश जोशी, प्रशांत खंडूरी, डिंपल सिंह, विनोद कुमार, भूपेंद्र नेगी, सुरभि शाह, शूरवीर सिंह चौहान, सुमित राठौर, नवीन रमोला सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संवाददाता प्रवचन सिंह
देहरादून उत्तराखंड
No Previous Comments found.