भाजपा कॉल सेंटरों के जरिए फर्जी फॉर्म-7 दाखिल कर वैध मतदाताओं के वोट कटवाने की साजिश कर रही है : सूर्यकांत धस्माना

देहरादून : उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी वरिष्ठ कांग्रेस नेता सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मुलाकात कर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान ऑनलाइन माध्यम से बड़ी संख्या में दायर किए जा रहे फॉर्म-7 को लेकर ज्ञापन सौंपा।

इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता सूर्यकांत धस्माना ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार उन क्षेत्रों में, जहां कांग्रेस का जनाधार अधिक है, कथित रूप से कॉल सेंटरों के माध्यम से फर्जी ऑनलाइन शिकायतें दर्ज कराकर वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटवाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में फर्जी शिकायतों के आधार पर वास्तविक मतदाताओं को नोटिस भेजे जा रहे हैं, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए चिंताजनक है।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को बताया कि विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में एक ही व्यक्ति द्वारा बड़ी संख्या में ऑनलाइन फॉर्म-7 दाखिल किए जाने के मामले सामने आए हैं। भौतिक सत्यापन में कई ऐसे मतदाता अपने पते पर निवासरत पाए गए, जिनके नाम हटाने के लिए आवेदन किए गए थे।

कांग्रेस ने मांग की कि शिकायतकर्ता की पहचान सत्यापित किए बिना किसी भी फॉर्म-7 पर कार्रवाई न की जाए, फर्जी एवं अप्रमाणित आवेदनों को तत्काल निरस्त किया जाए तथा बिना विधिसम्मत जांच किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से न हटाया जाए। साथ ही झूठी जानकारी देकर फॉर्म-7 दाखिल करने वालों के खिलाफ जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 और भारतीय न्याय संहिता, 2023 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाए।
प्रतिनिधिमंडल में सूर्यकांत धस्माना, अमरेंद्र बिष्ट, कंट्रोल रूम प्रभारी अधिवक्ता डिंपल सिंह, महेंद्र सिंह राणा, शिवा जोशी, विनोद कुमार सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।

रिपोर्टर : प्रवचन सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.