राजीव गांधी की जयंती पर कांग्रेस ने किया श्रद्धापूर्वक स्मरण, आधुनिक भारत के निर्माण में योगदान को किया याद
देहरादून : भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती पर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय, राजीव भवन, 21 राजपुर रोड में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने राजीव गांधी के चित्र एवं प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम प्रदेश कांग्रेस सेवादल के तत्वावधान में प्रदेश सेवादल अध्यक्ष हेमा पुरोहित की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस सेवादल की ओर से राजीव गांधी के जीवन एवं उपलब्धियों पर प्रदर्शनी भी लगाई गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “राजीव गांधी अमर रहें” और “जब तक सूरज चांद रहेगा, राजीव तेरा नाम रहेगा” जैसे नारे लगाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस महामंत्री संगठन राजेन्द्र सिंह भंडारी ने राजीव गांधी को भारत में सूचना क्रांति का जनक बताते हुए कहा कि उन्होंने भारत को आधुनिक, शक्तिशाली और तकनीकी रूप से सक्षम राष्ट्र बनाने की मजबूत नींव रखी। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने युवाओं को 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार देकर लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया।
उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं को मजबूत बनाने की दिशा में भी राजीव गांधी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। भारत को आर्थिक एवं तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की उनकी सोच का लाभ आज देश को मिल रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं प्रदेश कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष हेमा पुरोहित ने कहा कि राजीव गांधी ने भारत को 21वीं सदी में ले जाने का सपना देखा था। सूचना तकनीक, पंचायती राज व्यवस्था और युवाओं की लोकतांत्रिक भागीदारी को लेकर उनके द्वारा उठाए गए कदम ऐतिहासिक साबित हुए। उन्होंने कहा कि भारत की एकता और अखंडता के लिए राजीव गांधी का बलिदान देश हमेशा याद रखेगा।
उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि राजीव गांधी के आधुनिक, मजबूत और आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने के लिए सभी को अपनी भूमिका निभानी चाहिए। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने किया।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री संगठन राजेन्द्र सिंह भंडारी, प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र शाह, विनोद चौहान, सोनिया आनंद, सुजाता पॉल, नीरज त्यागी, सेवादल अध्यक्ष हेमा सहित कांग्रेस सेवादल के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : प्रवचन सिंह
No Previous Comments found.