हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष ललित शर्मा के खिलाफ कार्रवाई की मांग

देहरादून : महिलाओं के प्रति कथित आपत्तिजनक बयान देने के मामले में हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष ललित शर्मा के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर मुस्लिम सेवा संगठन ने मोर्चा तेज कर दिया है। संगठन के अध्यक्ष नईम कुरैशी और उपाध्यक्ष आकिब कुरैशी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी देहरादून से मुलाकात कर मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की। एसएसपी के प्रतिनिधि के तौर पर पुलिस अधीक्षक देहरादून ने प्रतिनिधिमंडल से वार्ता की। संगठन ने कहा कि महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले कथित बयान समाज में वैमनस्य बढ़ा सकते हैं, इसलिए कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई जरूरी है। ठोस आश्वासन नहीं मिलने पर संगठन ने विरोध जताते हुए मुख्यमंत्री आवास घेराव का ऐलान किया। बढ़ते विरोध के बीच मुख्यमंत्री के जनसंपर्क अधिकारी ने मुस्लिम सेवा संगठन और महिला प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी बात सुनी। संगठन के अनुसार, मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से ललित शर्मा के खिलाफ जल्द कानून के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। संगठन ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में निष्पक्ष एवं कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से आंदोलन आगे बढ़ाया जाएगा। इस दौरान उत्तराखंड कांग्रेस सचिव स्वाति नेगी, समाजसेवी रिहाना खातून, आजाद समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता योगेंद्र चौहान और कमर खान ताबी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

रिपोर्टर : प्रवचन सिंह 
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.