मंच शुद्धिकरण मामले पर भाजपा-कांग्रेस पर बरसीं AAP प्रदेश अध्यक्ष उमा गौड़ सिसोदिया
देहरादून : मंच शुद्धिकरण मामले को लेकर आम आदमी पार्टी ने भाजपा और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। AAP उत्तराखंड की प्रदेश अध्यक्ष उमा गौड़ सिसोदिया ने आरोप लगाया कि दोनों प्रमुख राजनीतिक दल जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए गैरजरूरी और विवादित मुद्दों को हवा दे रहे हैं। मीडिया से बातचीत में उमा गौड़ सिसोदिया ने कहा कि उत्तराखंड की जनता आज महंगाई, बेरोजगारी, पलायन, भ्रष्टाचार, शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रही है। ऐसे समय में राजनीतिक दलों को इन मुद्दों पर जवाब देना चाहिए, लेकिन भाजपा और कांग्रेस मंच शुद्धिकरण जैसे मामलों को लेकर एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप कर राजनीतिक लाभ लेने में जुटे हैं।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार कब मिलेगा, पहाड़ों से पलायन कब रुकेगा, सरकारी अस्पतालों और स्कूलों की स्थिति कब सुधरेगी और भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कब होगी। उन्होंने कहा कि जनता अब भावनात्मक और विवादित मुद्दों की राजनीति से आगे बढ़ चुकी है और अपने परिवार तथा प्रदेश के भविष्य को लेकर ठोस जवाब चाहती है।
AAP प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि जब भाजपा और कांग्रेस के पास जनहित के सवालों का जवाब नहीं होता, तो ऐसे मुद्दों को राजनीतिक रंग देकर जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश की जाती है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, बिजली, पानी, सड़क, महिला सुरक्षा और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रहेगी।
उमा गौड़ सिसोदिया ने भाजपा और कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा कि यदि दोनों दल वास्तव में उत्तराखंड की जनता के हितैषी हैं, तो उन्हें मंच शुद्धिकरण जैसे विवादों में उलझने के बजाय जनता के बीच जाकर अपने काम का हिसाब देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में आम आदमी पार्टी प्रदेश के हर वर्ग की आवाज को मजबूती से उठाएगी और जनता का ध्यान वास्तविक मुद्दों से भटकाने वाली राजनीति के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी। उत्तराखंड की जनता अब विवादों की नहीं, बल्कि मुद्दों की राजनीति चाहती है।
रिपोर्टर : प्रवचन सिंह
No Previous Comments found.