सिरमौर के पश्मी गांव पहुंचे सतपाल महाराज, छत्रधारी चालदा महासू महाराज के किए दर्शन
देहरादून। उत्तराखंड के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज सोमवार को हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र स्थित पश्मी गांव पहुंचे। यहां उन्होंने न्याय के देवता छत्रधारी चालदा महासू महाराज के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और उत्तराखंड, हिमाचल सहित पूरे देश में सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। दो दिवसीय पारंपरिक जांगड़ा (देवनायणी) राजकीय मेले के दूसरे दिन पश्मी पहुंचे सतपाल महाराज ने कहा कि छत्रधारी चालदा महासू महाराज जौनसार-बावर और हिमाचल के ट्रांस-गिरी क्षेत्र के लाखों लोगों के आराध्य एवं कुल देवता हैं। उन्हें न्याय के देवता के रूप में पूजा जाता है।
महाराज ने बताया कि छत्रधारी चालदा महासू महाराज की ऐतिहासिक प्रवास यात्रा उत्तराखंड के दसऊ गांव से शुरू होकर टौंस नदी पार करते हुए करीब 70 किलोमीटर की छह दिवसीय पैदल यात्रा के बाद पश्मी पहुंची है। यहां करीब दो करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मंदिर में महाराज विधिवत विराजमान हुए हैं और परंपरा के अनुसार एक वर्ष तक यहां प्रवास करेंगे। सतपाल महाराज ने कहा कि महासू महाराज का पश्मी आगमन पूरे क्षेत्र के लिए सौभाग्य की बात है। सरकार ऐसे पौराणिक एवं सांस्कृतिक स्थलों को पर्यटन मानचित्र पर विकसित कर रही है, जिससे धार्मिक आस्था के साथ स्थानीय पर्यटन और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
पश्मी पहुंचने पर मंदिर समिति और स्थानीय श्रद्धालुओं ने ढोल-दमाऊं तथा फूल-मालाओं के साथ सतपाल महाराज का स्वागत किया। उन्होंने मंदिर परिसर में आयोजित भंडारे और अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। इस दौरान मंदिर समिति के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
संवाददाता - प्रवचन सिंह
No Previous Comments found.